ADANI - HALF PAGE_page-0001
ADANI - HALF PAGE_page-0001
छत्तीसगढ़

यह जीत जवानों के भुजाओं की ताकत की जीत: डिप्टी सीएम विजय शर्मा

रायपुर. सुकमा जिले के भेज्जी थाना क्षेत्र में आज पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है. इस मुठभेड़ में 10 नक्सलियों को मार गिराया गया है और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं. उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस अभूतपूर्व सफलता के लिए बहादुर जवानों को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि हमारे सुरक्षा बल अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए नक्सल मोर्चे पर लगातार सफलताएं अर्जित कर रहे हैं. अब बस्तर क्षेत्र में माओवाद अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है. उन्होंने कहा कि यह जीत जवानों के भुजाओं की ताकत की जीत है.

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने भटके हुए लोगों से अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौट आएं और देश व प्रदेश के विकास में अपना योगदान दें. उन्होंने कहा कि सरकार विकास और संवाद के माध्यम से नक्सलवाद का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती के साथ लड़ाई लड़ी जा रही है. सुरक्षा के मोर्चे पर हमारी सरकार ने एंटी-नक्सल ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल की है. पिछले 11 महीने में लगभग 210 से अधिक नक्सली मारे गए हैं, वहीं 800 से अधिक नक्सलियों ने आत्म समर्पण किया है तथा 900 से अधिक नक्सलियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

शर्मा ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मार्च 2026 तक नक्सलवाद के खात्मे के संकल्प की दिशा में हमारी सरकार कदम बढ़ा रही है. उपमुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार राज्य में सुरक्षा और विकास के लिए प्रतिबद्ध है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार को नक्सलवाद के खिलाफ हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार में नियद नेल्लानार से बस्तर में बदलाव की शुरुआत हो गई है. बिजली, पानी, राशन, अस्पताल, स्कूल, आंगनबाड़ी जैसे तमाम सुविधाएं अब उन क्षेत्रों में मिलने लगी है और उन गावों के युवा खिलाड़ी बस्तर ओलंपिक में भयमुक्त होकर अपनी खेल प्रतिभा को दिखा रहे हैं. बस्तर में खेल के माध्यम से सुखद बदलाव भी आया है.

Netagiri

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!