एम्स रायपुर में जूनियर डॉक्टर ने की आत्महत्या, हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर दी जान
रायपुर। एम्स रायपुर में उस समय सनसनी फैल गई जब संस्थान के जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर ए. रवि कुमार ने रविवार को अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह दुखद घटना आमानाका थाना क्षेत्र के अंतर्गत एम्स परिसर में सामने आई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुबह के समय जब डॉक्टर रवि कुमार के कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तब साथियों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की। शक होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची आमानाका थाना पुलिस और एम्स प्रबंधन ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो डॉक्टर रवि कुमार का शव फंदे पर लटका मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। डॉक्टर की आत्महत्या ने एम्स परिसर को स्तब्ध कर दिया है और साथी डॉक्टर्स गहरे सदमे में हैं।


