ADANI - HALF PAGE_page-0001
ADANI - HALF PAGE_page-0001
Uncategorizedकोरबाछत्तीसगढ़

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे कोरबा

कोरबा/21 मई 2025/ छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल आज एक दिवसीय प्रवास पर कोरबा पहुंचे। प्रवास के दौरान उन्होंने कटघोरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। मंत्री श्री जायसवाल ने अस्पताल परिसर का गहन निरीक्षण करते हुए मरीजों की समस्याएं नजदीक से जानीं और मौके पर उपस्थित चिकित्सक,अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।

उन्होंने विशेष रूप से अस्पताल में गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए भर्ती मरीजों को राहत पहुंचाने के लिए वार्डों में एयर कंडीशनर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी मरीज को गर्मी या अन्य सुविधाओं के अभाव में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री जायसवाल ने बताया कि कटघोरा सीएचसी को अब 50 बेड से बढ़ाकर 100 बेड के आधुनिक अस्पताल में परिवर्तित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए आवश्यक बजट स्वीकृत हो चुका है और विस्तृत परियोजना प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। जैसे ही वित्तीय स्वीकृति प्राप्त होगी, निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। अस्पताल को जिला अस्पताल की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिससे यहां के मरीजों को बेहतर और समग्र स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि इस अपग्रेडेशन से न केवल कटघोरा,बल्कि आसपास के ग्रामीण अंचलों—जैसे कि पसान,पाली आदि के लोगों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित समस्याएं और सुझाव भी सुने।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल भवन की मरम्मत, परिसर की साफ-सफाई, पेयजल की नियमित आपूर्ति तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की भी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सभी चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी सेवाएं समयबद्ध व संवेदनशील तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया, कलेक्टर श्री अजीत वसंत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. केशरी सहित अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।

Netagiri

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!