Netagiri.in__कोरबा_कोरबा जिले के बालको रिंग रोड से रुमगरा जाने वाले मार्ग पर इन दिनों राखड़ परिवहन में लगे भारी वाहनों की लंबी कतारें यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर रही हैं। सड़क के एक ओर हाईवा और ट्रकों की सैकड़ों मीटर लंबी लाइन लग जाने से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार लग रहे जाम के कारण न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह स्थिति धर्मकांटा व्यवस्था में उत्पन्न अव्यवस्था का सीधा परिणाम है।

बताया जा रहा है कि पहले इस मार्ग पर दो धर्मकांटे संचालित थे, जिससे राखड़ वाहनों का वजन मापन सुचारू रूप से होता था और जाम की स्थिति नहीं बनती थी। लेकिन हाल ही में निजी कंपनी परिसर स्थित एक धर्मकांटा बंद कर दिए जाने के बाद अब सभी भारी वाहन एकमात्र धर्मकांटे पर निर्भर हो गए हैं, जिससे वाहनों की भीड़ लग रही है।
सड़क किनारे खड़े भारी वाहन मार्ग को संकरा बना रहे हैं। इसके चलते दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों और पैदल राहगीरों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है।
क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि बंद किए गए धर्मकांटे को शीघ्र पुनः शुरू कराया जाए या वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि बालको रिंग रोड–रुमगरा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।



