
Netagiri.in-**Renu jaiswal —कोरबा, 13 सितंबर 2026। तीजा-पोरा जैसे महत्वपूर्ण लोकपर्व के बीच दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा 13 एवं 14 सितंबर को रायपुर-बिलासपुर-कोरबा-गेवरारोड सहित विभिन्न मार्गों की लोकल एवं पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किए जाने पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है।
पार्टी के कोरबा जिलाध्यक्ष जैनेन्द्र कुर्रे ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के महाप्रबंधक को पत्र सौंपकर रद्द की गई ट्रेनों का परिचालन तत्काल बहाल करने तथा तीजा-पोरा को देखते हुए अतिरिक्त लोकल एवं स्पेशल ट्रेनों का संचालन कराने की मांग की है।
जैनेन्द्र कुर्रे ने कहा कि तीजा-पोरा छत्तीसगढ़ की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा प्रमुख लोकपर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके जाती हैं और ग्रामीण, श्रमिक, विद्यार्थी, बच्चे एवं बुजुर्ग रेल यात्रा पर निर्भर रहते हैं। ऐसे समय में लोकल ट्रेनों का रद्द होना आम यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है।
उन्होंने कहा कि लोकल और मेमू ट्रेनें आम जनता के लिए सस्ती और सुलभ परिवहन व्यवस्था हैं। इनके रद्द होने से यात्रियों को महंगे निजी वाहनों और बसों का सहारा लेना पड़ सकता है।
रेलवे प्रशासन से उठाए सवाल
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने रेलवे प्रशासन से सवाल किया कि यदि उरकुरा स्टेशन के यार्ड रीमॉडलिंग अथवा अन्य तकनीकी कार्य आवश्यक हैं, तो पर्व के दौरान यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई।
कुर्रे ने कहा कि रेलवे के विकास कार्यों का विरोध नहीं है, लेकिन इसके कारण आम जनता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी कार्यों के साथ वैकल्पिक ट्रेन, अतिरिक्त कोच और विशेष यात्री व्यवस्था की योजना भी बनाई जानी चाहिए थी।
15 से 17 सितंबर तक अतिरिक्त ट्रेन की मांग
पार्टी ने रेलवे के समक्ष 13 एवं 14 सितंबर को रद्द सभी लोकल एवं पैसेंजर ट्रेनों को तत्काल बहाल करने के साथ ही 15, 16 एवं 17 सितंबर को अतिरिक्त स्पेशल लोकल ट्रेनें चलाने की मांग की है।
इसके अलावा दिन में चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों के आरक्षित डिब्बों में राजनांदगांव से कोरबा-रायपुर मार्ग तक सामान्य टिकटधारी यात्रियों को यात्रा की अनुमति देने तथा कोरबा, गेवरारोड, बिलासपुर, रायपुर और छोटे स्टेशनों के यात्रियों के लिए वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।
मांग नहीं मानी तो आंदोलन की चेतावनी
जैनेन्द्र कुर्रे ने चेतावनी दी कि यदि रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया और मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी चरणबद्ध विरोध प्रदर्शन एवं व्यापक जनआंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों, श्रमिकों, विद्यार्थियों और आम रेल यात्रियों की सुविधा और सम्मानजनक यात्रा के अधिकार से जुड़ी है।
उन्होंने रेलवे प्रशासन से अपील की कि तीजा-पोरा के अवसर पर ट्रेनों को रद्द करने के बजाय यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनें चलाकर राहत दी जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश संगठन मंत्री सुरेंद्र राठौर, जिलाध्यक्ष जैनेन्द्र कुर्रे, जिला सचिव महावीर यादव, जिला उपाध्यक्ष संजीव गोस्वामी, शहर अध्यक्ष हरि चौहान, महिला जिलाध्यक्ष चंचल महंत, अजय साहू, साकिद सहित छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के कोरबा जिलाध्यक्ष सुरजीत सोनी, जिला उपाध्यक्ष राकेश यादव, दर्री खड़ महामंत्री कन्हैया सारथी एवं आशीष कुमार मौजूद रहे।


