
Harmanpreet Kaur: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 126 रन बनाकर भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। खास बात यह है कि हरमनप्रीत ने यह पारी बुखार से परेशान होने के बावजूद खेली। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
हरमनप्रीत कौर का यह वनडे क्रिकेट में आठवां शतक था। इस उपलब्धि के साथ वह वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली भारतीय महिला बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। इस सूची में स्मृति मंधाना 14 शतकों के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज के नाम सात वनडे शतक दर्ज हैं।

मैच से एक दिन पहले था बुखार, फिर भी खेली शानदार पारी
हरमनप्रीत कौर ने अपनी पारी के बाद बताया कि मैच से एक रात पहले उन्हें हल्का बुखार था। इसके कारण मैदान पर लौटने के बाद उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने आराम करने की इच्छा भी जताई, लेकिन दर्द कम करने के लिए पेनकिलर लेने से उन्हें मदद मिली।
बीमारी के बावजूद हरमनप्रीत ने जिस तरह बल्लेबाजी की, उससे भारतीय टीम को बड़ा स्कोर खड़ा करने में मदद मिली। उनकी पारी ने एक बार फिर साबित किया कि वह दबाव की परिस्थितियों में टीम के लिए अहम योगदान देने की क्षमता रखती हैं।
Valmiki Jayanti 2026 : आज मनाई जा रही महर्षि वाल्मीकि जयंती, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और विधि
प्रतिका रावल के साथ संभाली भारतीय पारी
भारतीय महिला टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने महज 19 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए थे। शुरुआती झटकों के बाद हरमनप्रीत कौर ने प्रतिका रावल के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने समझदारी से खेलते हुए भारतीय टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला।
प्रतिका रावल ने 67 गेंदों पर 61 रन बनाए, जबकि हरमनप्रीत ने 121 गेंदों पर 126 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 15 चौके शामिल रहे। इसके बाद हरमनप्रीत ने दीप्ति शर्मा के साथ भी महत्वपूर्ण साझेदारी की, जिससे भारतीय टीम बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही।
हरमनप्रीत ने बताया कि वनडे क्रिकेट में बल्लेबाजी करते समय परिस्थितियों के अनुसार खेलना जरूरी होता है। उन्होंने और प्रतिका ने तय किया था कि अच्छी गेंदों का सम्मान करेंगे और खराब गेंदों पर आक्रामक शॉट खेलेंगे। दोनों ने इसी रणनीति के साथ बल्लेबाजी की।
भारत ने 121 रन से जीता मुकाबला
वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 328 रन बनाए। हरमनप्रीत कौर के अलावा दीप्ति शर्मा ने भी शानदार शतक लगाया। दीप्ति 86 गेंदों पर 106 रन बनाकर नाबाद रहीं।
328 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 48.5 ओवर में 207 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से वैष्णवी शर्मा ने चार विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट झटके। इस तरह भारतीय टीम ने मुकाबला 121 रन से अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। अब टीम की नजर तीसरे और आखिरी मुकाबले में जीत दर्ज कर सीरीज में क्लीन स्वीप करने पर होगी।





