
मेरठ। Muskan Rastogi News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में सौरभ राजपूत हत्याकांड में मृत्युदंड की सजा पाने वाली मुस्कान रस्तोगी और अमित हत्याकांड की दोषी रविता जेल में अहोई अष्टमी का व्रत रखेंगी। दोनों महिलाओं ने अपने बच्चों की लंबी उम्र, सुख और समृद्धि की कामना के लिए व्रत रखने की तैयारी की है। त्योहार मनाने के लिए जेल प्रशासन की ओर से उन्हें पूजन सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।

जेल में 65 महिला बंदियों ने ली पूजन सामग्री
मेरठ जेल में अहोई अष्टमी के अवसर पर महिला बंदियों के बीच त्योहार को लेकर तैयारियां की गई हैं। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के अनुसार, मुस्कान और रविता को पूजा के लिए आवश्यक सामग्री मुहैया करा दी गई है। इनके अलावा जेल में बंद 63 अन्य महिलाओं ने भी व्रत और पूजा के लिए सामग्री ली है।
अहोई अष्टमी का व्रत मुख्य रूप से माताएं अपनी संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना के लिए रखती हैं। इस दिन अहोई माता की पूजा करने की परंपरा है।
सौरभ राजपूत हत्याकांड में मुस्कान को मिली मृत्युदंड की सजा
मुस्कान रस्तोगी सौरभ राजपूत हत्याकांड के कारण चर्चा में आई थी। खबर के मुताबिक, 14 अक्टूबर को जिला अदालत ने मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को इस मामले में मृत्युदंड की सजा सुनाई थी।
आरोप था कि मुस्कान और साहिल ने मिलकर सौरभ की हत्या की और उसके शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में रख दिए। शव से बदबू न आए, इसके लिए ड्रम में सीमेंट डालने की बात भी सामने आई थी।
हाई कोर्ट में दाखिल की अपील
जिला अदालत के मृत्युदंड के फैसले के खिलाफ मुस्कान और साहिल ने हाई कोर्ट में अपील दाखिल की है। खबर के अनुसार, उनकी अपील स्वीकार कर ली गई है और मामले में 30 नवंबर को बहस प्रस्तावित है।


