
Abhishek Banerjee Birthday Clash: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन के मौके पर उनके आवास के बाहर आधी रात जमकर हंगामा हुआ। शुक्रवार देर रात BJP और TMC समर्थक आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस झड़प में कई लोगों के घायल होने की खबर है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
अभिषेक बनर्जी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे हैं। उनके जन्मदिन के अवसर पर समर्थक आवास के बाहर बैनर और पोस्टर लगा रहे थे। इसी दौरान स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ताओं और टीएमसी समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

BJP-TMC समर्थकों के बीच चले ईंट-पत्थर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान ईंट-पत्थर भी चलाए गए। आरोप है कि कुछ लोगों ने लोहे की छड़ों और हॉकी स्टिक से भी हमला किया। दोनों ही पार्टियों के समर्थकों ने एक-दूसरे पर हिंसा शुरू करने के आरोप लगाए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू करने की कोशिश की। हालांकि, झड़प के बाद इलाके में तनाव बना रहा। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
पुलिस अधिकारी से अभिषेक बनर्जी की तीखी बहस
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा अभिषेक बनर्जी और एक पुलिस अधिकारी के बीच हुई तीखी बहस की हो रही है। दोनों के बीच बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सांसद और पुलिस अधिकारी एक-दूसरे के सामने अपनी बात रखते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि इस दौरान अभिषेक बनर्जी पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराज दिखाई दिए। वहीं, पुलिस अधिकारी भी उन्हें जवाब देते नजर आए। बहस के बाद सांसद कुछ देर के लिए अपने आवास के बाहर धरने पर भी बैठ गए।
फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। BJP और TMC समर्थकों के बीच हुई झड़प को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।



