Arunachal Pradesh Fire Accident: अरुणाचल प्रदेश में आधी रात को मचा हाहाकार, आग में जिंदा जले 4 लोग, पति अब भी लापता

Arunachal Pradesh Fire Accident: अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कम से कम 24 घर आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गए। मृतकों में एक महिला और उसके तीन नाबालिग बच्चे शामिल हैं। वहीं, महिला का पति अभी भी लापता है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

अरुणाचल प्रदेश आग हादसा: महिला और तीन बच्चों की मौत
डिप्टी कमिश्नर चीचुंग चुखू के मुताबिक, मृतकों में एक महिला, उसके दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि आग गुरुवार तड़के करीब 2:30 बजे पारसी-पारलो कस्बे में लगी थी। देखते ही देखते आग ने आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में 19 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि पांच अन्य मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार आग रसोईघर से शुरू होने की आशंका है।
पारसी-पारलो में 24 घर आग की चपेट में आए
हादसे की सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय कोलोरियांग से अधिकारियों की एक टीम राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए घटनास्थल पर पहुंची। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, पारसी-पारलो कस्बे में कोई अग्निशमन केंद्र (फायर स्टेशन) मौजूद नहीं है। वहीं, घटनास्थल से करीब 38 किलोमीटर दूर कोलोरियांग में तैनात फायर टेंडर भी समय पर मौके पर नहीं पहुंच सका। माना जा रहा है कि अग्निशमन सेवाओं में देरी के कारण आग पर काबू पाने में मुश्किल हुई।
डिप्टी कमिश्नर चीचुंग चुखू ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल आग लगने के कारणों और संपत्ति को हुए नुकसान की विस्तृत जांच की जा रही है।



