
Netagiri.in-पसान (कोरबा)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही पसान धान खरीदी केंद्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। धान खरीदी केंद्र के शुभारंभ अवसर पर किसानों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्राधिकृत अधिकारी ठाकुर रामशरण सिंह तंवर, आदिम जाति जिला सहकारी समिति पसान के उपाध्यक्ष हर प्रसाद शास्त्री, भाजपा युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष हिमांशु पांडे, सहकारिता जिला प्रकोष्ठ के प्रमोद पांडे, कुशाल सिंह, विश्व हिंदू परिषद के आनंद मित्तल, वरिष्ठ भाजपा नेता लालता प्रसाद पांडे, राजेश प्रजापति, बजरंगी यादव एवं रामप्रसाद प्रजापति सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
धान खरीदी केंद्र में ग्राम पंचायत बैरा के किसान अंगद सिंह ने प्रथम विक्रेता के रूप में अपना धान बेचा। इस अवसर पर केंद्र के ऑपरेटर गौरी सिंह, प्रबंधक कामिनी साहू एवं प्रदीप अग्रवाल की उपस्थिति में खरीदी प्रक्रिया संपन्न हुई।
किसानों के खाते में सीधे पहुंचेगी आदान सहायता राशि
इस अवसर पर प्राधिकृत अधिकारी ठाकुर रामशरण सिंह तंवर ने कहा कि प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य कर रही है। सरकार किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये तक की आदान सहायता राशि प्रदान किए जाने का प्रावधान है। यह राशि पात्र एवं सत्यापित धान के रकबे के आधार पर सीधे किसानों के आधार लिंक्ड बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि किसानों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिले और उन्हें अपनी मेहनत की कमाई प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें। भाजपा सरकार किसानों के सर्वांगीण विकास और उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।
3100 रुपये प्रति क्विंटल के लक्ष्य के साथ धान खरीदी
प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को धान का लाभकारी मूल्य 3,100 रुपये प्रति क्विंटल देने की प्रतिबद्धता दोहराई गई है। इसके लिए समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना के तहत देय अंतर राशि के माध्यम से किसानों को आर्थिक लाभ पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने किसानों का स्वागत करते हुए धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने की बात कही।
धान खरीदी केंद्र में खरीदी शुरू होने से किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने के लिए केंद्र पहुंचे। कार्यक्रम का समापन किसानों के हित में बेहतर खरीदी व्यवस्था की कामना के साथ हुआ।




