ADANI - HALF PAGE_page-0001
ADANI - HALF PAGE_page-0001
छत्तीसगढ़

Korba Murder Case: 70 वर्षीय भगमतिया बाई की हत्या और लूट का खुलासा, महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार; 2 हजार रुपये के लिए घोंटा था गला

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या और लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पसान थाना क्षेत्र की कोरबी चौकी अंतर्गत ग्राम लाद में भगमतिया बाई की गला घोंटकर हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने महिला के घर में रखे रुपये लूटने की योजना बनाई थी। वारदात के बाद पेटी और बैग में मिले 2 हजार रुपये आपस में बांट लिए थे।

सोते समय महिला की गला घोंटकर की गई हत्या

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी बबलू मरकाम (24 वर्ष), निवासी छिदवारपारा लाद ने चौकी कोरबी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 नवंबर 2026 की रात 7 बजे से 20 नवंबर की सुबह 6 बजे के बीच अज्ञात आरोपी ने उसकी मां भगमतिया बाई की हत्या कर दी। आरोपी ने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसकर नाइलोन की रस्सी से गला कस दिया था।

मामले में मर्ग क्रमांक 134/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। वहीं अपराध क्रमांक 316/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 3(5) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

शराब पीने के दौरान बनाई लूट की योजना

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा गोपाल करियारे और एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के पर्यवेक्षण में कोरबी चौकी पुलिस और साइबर सेल की टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस को मृतिका के घर में गाय-बैल चराने का काम करने वाले इंद्रपाल अगरिया पर संदेह हुआ। पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले इंद्रपाल ने अपने परिचित देवकुमार को शराब पिलाने के बहाने घर बुलाया था। इसके बाद इंद्रपाल, उसकी पत्नी राजकुमारी और सास वेदकुंवर के साथ शराब पीने की बात सामने आई।

घटना वाले दिन इंद्रपाल भगमतिया बाई के घर गाय-बैल चराने के काम के 500 रुपये लेने पहुंचा था। महिला ने पेटी से निकालकर उसे पैसे दिए। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने भी शराब पी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को संदेह हुआ कि भगमतिया बाई की पेटी में काफी रुपये रखे हैं। इसके बाद इंद्रपाल, उसकी पत्नी राजकुमारी और देवकुमार ने देर रात घर में घुसकर रुपये चोरी करने की योजना बनाई।

दरवाजे पर खड़ा रहा आरोपी, पति-पत्नी ने की हत्या

पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत तीनों आरोपी देर रात भगमतिया बाई के घर पहुंचे। देवकुमार को दरवाजे पर निगरानी के लिए खड़ा कर दिया गया। इंद्रपाल अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ घर के अंदर घुसा। उस समय भगमतिया बाई सो रही थीं।

आरोप है कि इंद्रपाल ने महिला के हाथ पकड़कर रखे, जबकि राजकुमारी ने उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और पैर पकड़ लिए। इसके बाद घर में मिली पीले रंग की नाइलोन रस्सी से महिला का गला कसकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने पेटी और बैग में रखे 2 हजार रुपये निकालकर आपस में बांट लिए।

22 नवंबर को तीनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया। साक्ष्य मिलने के बाद 22 नवंबर 2026 को इंद्रपाल अगरिया, उसकी पत्नी राजकुमारी और देवकुमार को विधिवत गिरफ्तार किया गया। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

कार्रवाई में कोरबी चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार, साइबर सेल से उप निरीक्षक अजय सोनवानी, आरक्षक आलोक टोप्पो, संजीव और सुशीला यादव सहित रक्षित केंद्र एवं चौकी कोरबी के पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा।

Netagiri

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!