
Netagiri.in_____जांजगीर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से बड़ी वारदात का खुलासा हुआ है। पुलिस ने डकैती की साजिश रचने वाले पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पिस्टल, कारतूस, सब्बल, चाकू और नकाब समेत कई सामान जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
मामले की शुरुआत तब हुई जब राहुल अग्रवाल, निवासी श्याम सुपर मार्केट, पेंड्री रोड जांजगीर ने पुलिस को रिपोर्ट दी। उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे दुकान के शटर तोड़ने की आवाज सुनाई दी। जब वह अपने पिता के साथ बाहर निकले, तो देखा कि तीन नकाबपोश युवक दुकान का शटर तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। दोनों को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने रात्रि गश्त को अलर्ट किया और इलाके की घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा। उनसे पूछताछ में दो अन्य साथियों के नाम भी सामने आए, जिन्हें बाद में हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की नीयत से निकले थे और उनके पास हथियार भी थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, पांच कारतूस, दो सब्बल, एक चाकू, दो नकाब, एक मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की। सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
1. मनीष कुमार बनवा (26), निवासी अफरीद, थाना सारागांव
2. चैतन्य दिनकर उर्फ चमन (19), निवासी तागा, थाना मुलमुला
3. हितेश दिनकर (21), निवासी तागा, थाना मुलमुला
4. जितेंद्र दिनकर (26), निवासी पूटपुरा, थाना जांजगीर
5. तरुण सूर्यवंशी (22), निवासी भाटापारा, थाना जांजगीर
- इधर, भाजपा ने आरोपियों में से एक जितेंद्र दिनकर को कांग्रेस का युवा नेता बताते हुए सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और दीपक बैज के साथ उनकी तस्वीर साझा की है। बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि पार्टी के नेता अब अपराध में भी सक्रिय हैं।


