Netagiri.in__कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसाबाड़ी आरपी नगर में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। डाकघर के पास स्थित नगर निगम की पूर्व अधिकारी डॉ. शिरीन लाखे के सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 4 लाख रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 69 वर्षीय डॉ. शिरीन लाखे अपने परिवार के साथ इलाज के सिलसिले में बिलासपुर स्थित अपोलो अस्पताल गई हुई थीं। इसी दौरान मंगलवार दोपहर लगभग 3 से 4 बजे के बीच चोरों ने उनके मकान क्रमांक 846 का मुख्य दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद बेडरूम और ड्राइंग रूम में रखी अलमारियों के ताले तोड़कर कीमती सामान चुरा लिया।
चोरों द्वारा घर से सोने का मंगलसूत्र, दो हार, दो कड़े, तीन जोड़ी टॉप्स, करीब 100 ग्राम चांदी एवं 50 हजार रुपये नकद चोरी किए गए हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. लाखे ने सिविल लाइन थाना रामपुर में शिकायत दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया है कि आरोपी घर के पीछे के रास्ते से अंदर घुसे और महज 15 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) एवं 331(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
—



