सिंहितराई पावर प्लांट हादसे पर अनिल अग्रवाल का दर्द छलका, बोले— सुरक्षा के बावजूद नहीं टल सकी त्रासदी

Netagiri.in___Renujaiswal___सिंहितराई पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे को लेकर वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने 27 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी दूसरी पोस्ट के जरिए इस दर्दनाक घटना और अपने निजी जीवन में आई बड़ी क्षति को साझा किया।
अग्रवाल ने बताया कि साल 2026 उनके लिए बेहद कठिन समय लेकर आया है। वर्ष की शुरुआत में उन्होंने अपने युवा बेटे को खो दिया और इसी महीने 14 अप्रैल को सिंहितराई पावर प्लांट में हुए बॉयलर हादसे में 25 लोगों की जान चली गई। उन्होंने इसे अपने जीवन के सबसे चुनौतीपूर्ण और पीड़ादायक दौरों में से एक बताया।
उन्होंने कहा कि एथेना प्लांट का संचालन कड़े सुरक्षा मानकों के तहत किया जा रहा था। प्लांट के ऑपरेशन और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी एनजीएसएल को सौंपी गई थी, जो एनटीपीसी लिमिटेड और जनरल इलेक्ट्रिक की साझेदारी है। सभी कार्य अनुभवी टीमों और स्थापित सुरक्षा प्रणालियों के साथ किए जा रहे थे, इसके बावजूद यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया।
अग्रवाल ने इस घटना को अप्रत्याशित बताते हुए कहा कि जैसे वाहन मालिक भरोसे के साथ वाहन चालक को जिम्मेदारी सौंपता है, वैसे ही उन्होंने भी प्लांट का संचालन विशेषज्ञ एजेंसियों को सौंपा था। उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षा उपायों के बावजूद ऐसी घटना होना बेहद दुखद और चिंताजनक है।
उन्होंने आगे कहा कि वेदांता समूह अपने हर कॉन्ट्रैक्ट में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और एनटीपीसी व जीई की भी यही नीति रही है। इसके बावजूद इतनी बड़ी दुर्घटना होना दिल तोड़ने वाला है।
अंत में उन्होंने अपने बेटे अग्निवेश समेत हादसे में जान गंवाने वाले 25 लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि वेदांता समूह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है तथा भविष्य में भी सुरक्षा और जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देता रहेगा


