छत्तीसगढ़
मलेरिया के खिलाफ बालको की मुहिम तेज गांव-गांव पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं, 1.4 लाख से अधिक लोगों को मिला लाभ

Netagiri.in–भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने प्रोजेक्ट आरोग्य के तहत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक मलेरिया जागरूकता अभियान चलाया। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य लोगों को मलेरिया से बचाव, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक करना है।

इस वर्ष की थीम “मलेरिया का खात्मा संभव है: अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा” के तहत बालको की टीम गांव-गांव पहुंचकर लोगों को मलेरिया के शुरुआती लक्षणों—बुखार, ठंड लगना और अत्यधिक पसीना आने—की जानकारी दे रही है। साथ ही ग्रामीणों को बीमारी से जुड़ी भ्रांतियों से भी अवगत कराया जा रहा है।
प्रोजेक्ट आरोग्य के माध्यम से पिछले एक वर्ष में 1.4 लाख से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई गई हैं। घर-घर संपर्क अभियान, स्वास्थ्य शिविर और सामुदायिक बैठकों के जरिए ग्रामीणों को मच्छरदानी के उपयोग, साफ-सफाई बनाए रखने और पानी जमा न होने देने जैसे बचाव उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समुदाय ही विकास की असली नींव हैं। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट आरोग्य के जरिए कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर रही है।
अभियान के दौरान पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों और गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्हें मुफ्त स्वास्थ्य जांच, उपचार, पोषण सहायता और आवश्यक स्वास्थ्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए बालको द्वारा मोबाइल हेल्थ वैन भी संचालित की जा रही हैं। वित्त वर्ष 2026 में अब तक 25 हजार से अधिक लोग इन सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण जैसे कार्यक्रमों के जरिए बालको ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।



