मदनपुर टोल प्लाजा में श्रम कानूनों के उल्लंघन का आरोप 12 घंटे ड्यूटी, न्यूनतम वेतन नहीं, PF भी बंद; कर्मचारियों ने NHAI से जांच की मांग

कोरबा –कोरबा जिले के कटघोरा स्थित मदनपुर टोल प्लाजा (NH-130) में कार्यरत कर्मचारियों ने टोल एजेंसी पर श्रम कानूनों के गंभीर उल्लंघन के आरोप लगाए हैं। रविवार को आयोजित बैठक में करीब 15 से 20 टोल कर्मियों ने अपनी समस्याओं को लेकर नाराजगी जताते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
♦♦
कर्मचारियों का आरोप है कि टोल एजेंसी M/S ASHISH JAISWAL द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी नहीं दी जा रही है। वहीं 8 घंटे के स्थान पर 12 घंटे तक लगातार कार्य कराया जा रहा है। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें साप्ताहिक अवकाश नहीं मिलता और कई कर्मचारियों को बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के काम से निकाल दिया गया।
टोल कर्मियों का कहना है कि PF जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। कर्मचारियों ने टोल संचालन व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के संचालन किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है।
मामले को लेकर जब टोल मैनेजर से चर्चा की गई तो उन्होंने भी टोल प्लाजा में सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति नहीं होने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि सुरक्षा गार्ड्स की वैकेंसी के लिए विज्ञापन न्यूज़पेपर के माध्यम से निकाला गया था लेकिन से इच्छुक अभ्यर्थियों ने इस पर आवेदन नहीं किया जिसके कारण भर्ती नहीं हो पाई मामले को लेकर नाराज टोल कर्मचारियों ने बताया कि वे लंबे समय से मौखिक रूप से अपनी समस्याएं अधिकारियों और प्रबंधन के समक्ष रखते आ रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। नाराज कर्मचारियों ने अब NHAI अधिकारियों से हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और श्रम नियमों के पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है।


