
Netagiri.in9kभिलाई, 3 अगस्त। भिलाई नगर निगम की पार्षद रीता सिंह, उनके पति रमेशचंद सिंह राजपूत और पुत्र मानवचंद सिंह के खिलाफ करीब 4.50 करोड़ रुपये के कथित भूमि, खदान और मशीनरी सौदे में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। JMFC पाटन न्यायालय के निर्देश पर उतई थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- परिवादी बीबी सिंह ने न्यायालय में दायर परिवाद में आरोप लगाया है कि जनवरी 2024 में आरोपियों के साथ भूमि, खदान, टाटा हिटाची मशीन और भारत बेंज टिपर वाहनों के क्रय-विक्रय का इकरारनामा हुआ था। सौदे की कुल कीमत करीब 4.50 करोड़ रुपये तय हुई थी, जिसमें से लगभग 4.39 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है।
शिकायत में कहा गया है कि सौदे के दौरान कुछ भूमि पहले से अन्य व्यक्तियों के नाम दर्ज होने, कुछ संपत्तियों पर कानूनी प्रतिबंध होने तथा कुछ संपत्तियों के बैंक में गिरवी होने जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाई गईं। साथ ही खनन पट्टा, बैंक की एनओसी और अन्य आवश्यक दस्तावेज बाद में उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन लंबे समय तक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।
दस्तावेज नहीं मिलने और सौदा पूरा नहीं होने पर परिवादी ने न्यायालय की शरण ली। मामले की सुनवाई के बाद JMFC पाटन ने उतई थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
उतई थाना पुलिस के अनुसार प्रकरण दर्ज कर सभी दस्तावेजों और तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि यह मामला फिलहाल जांचाधीन है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।



