ADANI - HALF PAGE_page-0001
ADANI - HALF PAGE_page-0001
छत्तीसगढ़

Korba Breaking: तीन दिन से लापता 7 वर्षीय भव्या जोशी का मिला शव, पोल्ट्री फार्म के पीछे मिलने से सनसनी, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस…

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। पिछले तीन दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता 7 वर्षीय मासूम भव्या जोशी का शव मिलने की सूचना है। बच्ची का शव रजगामार स्थित करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे मिलने की जानकारी सामने आई है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची है। फिलहाल बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले के ग्राम फगुरम निवासी प्रकाश जोशी करीब चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ रोजगार की तलाश में कोरबा आए थे। वे रजगामार स्थित करीम पोल्ट्री फार्म में काम करते हुए अपने परिवार के साथ रह रहे थे। 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रकाश जोशी ने अपनी 7 वर्षीय बेटी भव्या जोशी को पास की राशन दुकान से घरेलू उपयोग का सामान लाने के लिए भेजा था। इसके बाद बच्ची वापस घर नहीं लौटी।

काफी देर तक भव्या के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन करने के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने बालको थाना अंतर्गत रजगामार पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए अभियान शुरू किया था। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे थे। बच्ची का पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने भी 20 अक्टूबर को रजगामार पहुंचकर मामले की जानकारी ली थी और तलाश तेज करने के निर्देश दिए थे।

इसी बीच गुरुवार, 22 अक्टूबर को भव्या का शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे मिलने की सूचना सामने आई। जिस बच्ची की तलाश में पिछले तीन दिनों से परिजन और पुलिस जुटे हुए थे, उसका शव मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्ची की मौत कैसे हुई और किन परिस्थितियों में उसका शव पोल्ट्री फार्म के पीछे पहुंचा। इस मामले में हत्या या किसी अन्य आपराधिक घटना की आशंका को लेकर भी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस की विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Netagiri

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!