वायरल वीडियो से मचा हड़कंप! नशा करते दिखे 2 छात्राएं और 5 छात्र, स्कूल से निकालने की तैयारी

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्कूली बच्चों के नशा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है। मामला पाली ब्लॉक के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कोरबी धतूरा का है। वायरल वीडियो में कक्षा 9वीं की दो छात्राएं बीड़ी पीती और गाली-गलौज करती नजर आ रही हैं, जबकि पांच छात्र स्कूल यूनिफॉर्म में गांजा पीते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने सातों बच्चों के अभिभावकों को बुलाकर बैठक की और उन्हें टीसी जारी करने के संबंध में नोटिस दिया है।

14 नवंबर का बताया जा रहा वीडियो
जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो 14 नवंबर का बताया जा रहा है। आरोप है कि स्कूल समय के दौरान सातों बच्चे पढ़ाई छोड़कर बाहर चले गए थे। इसी दौरान दो छात्राओं का वीडियो सामने आया, जिसमें वे नशा करने और बीड़ी पीने की बात कहती सुनाई दे रही हैं। वहीं, पांच छात्र स्कूल की यूनिफॉर्म में गांजा पीते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि छात्राओं ने खुद वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो में एक छात्रा कहती सुनाई देती है कि वे स्कूल से भागकर आई हैं और पूरा गांव तथा स्कूल जानता है कि वे सिगरेट पीती हैं।
प्रिंसिपल ने अभिभावकों और शाला प्रबंधन समिति की बैठक बुलाई
वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल प्रबंधन ने शाला प्रबंधन समिति और संबंधित बच्चों के अभिभावकों की बैठक बुलाई। प्राचार्य बलभद्र सिंह ने बैठक में पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद नशा करते दिख रहे दो छात्राओं और पांच छात्रों को टीसी देने के संबंध में नोटिस जारी किया गया।
प्राचार्य ने मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को भी पत्र के माध्यम से दी है।
जिला शिक्षा अधिकारी से नहीं हो सका संपर्क
इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कई बार फोन करने के बावजूद उनसे बात नहीं हो सकी। ऐसे में शिक्षा विभाग की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अभिभावकों में नाराजगी, स्कूल के बाहर भी निगरानी की मांग
वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि स्कूल में अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ बच्चों की गतिविधियों पर स्कूल के बाहर भी नजर रखने की जरूरत है, ताकि वे गलत संगत और नशे की गिरफ्त में न आएं।
फिलहाल स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है। यह घटना स्कूली बच्चों में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उनकी निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।



