
Netagiri.in_वेदांता प्लांट हादसा: मंत्री लखन लाल देवांगन ने घायलों से की मुलाकात, बेहतर इलाज के दिए निर्देश
रायपुर, 16 अप्रैल 2026। रायगढ़ जिले के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता प्लांट में हुए भीषण हादसे के बाद प्रदेश के वाणिज्य उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने गुरुवार को अस्पतालों का दौरा कर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को सर्वोत्तम और समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।
ko
मंत्री देवांगन ने रायगढ़ के विभिन्न शासकीय एवं निजी अस्पतालों में भर्ती श्रमिकों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से भी चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली। घायलों ने मिल रहे उपचार पर संतोष जताया।
बताया गया कि 14 अप्रैल को सिंघीतराई स्थित वेदांता प्लांट में हुए हादसे में कुल 36 श्रमिक प्रभावित हुए, जिनमें से 20 की मौत हो गई, जबकि 16 घायल हैं और उनका इलाज जारी है। घटना के तुरंत बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को प्राथमिकता के आधार पर रायगढ़ के फोर्टिस, मेट्रो, मेडिकल कॉलेज और अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायलों को रायपुर के कालड़ा अस्पताल रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों पर श्रम कानून के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है। वहीं प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह सहायता दी जाएगी।
इधर, कंपनी प्रबंधन ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 35 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और रोजगार उपलब्ध कराने, तथा घायलों को 15 लाख रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है। साथ ही घायलों को पूर्ण स्वस्थ होने तक वेतन और काउंसलिंग की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
वही मौके पर मंत्री ने दो टूक कहा कि हादसे की जांच में जो भी दोषी होगा उसके ऊपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री द्वारा मृतकों एवं घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की गई है और पूरे मामले की कड़ी निगरानी की जा रही है
इस मौके पर कलेक्टर अमृत विकास टोप्पो एसपी प्रफुल्ल ठाकुर और वेदांत प्रबंधन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की गई जिसमें प्रबंधन की ओर से के ऑपरेशन हेड सुशील बेहरा ने घटना की जानकारी दी जबकि बॉयलर विशेषज्ञ गुंजन शुक्ला ने घटना के प्रारंभिक कारणों पर प्रकाश डाला


