ADANI - HALF PAGE_page-0001
ADANI - HALF PAGE_page-0001
छत्तीसगढ़

आज मकान, कल होटल और परसों कारोबार! अवैध निर्माण पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी, अधिकारियों की मिलीभगत पर उठाए सवाल

नई दिल्ली। देशभर में अवैध निर्माण और आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को गंभीर चिंता जताई। अदालत ने सवाल किया कि आखिर आवासीय मकान कुछ ही समय में होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कैसे बदल जाते हैं? इन निर्माणों और गतिविधियों को अनुमति कौन दे रहा है?
जस्टिस बी.वी. नागरत्ना और जस्टिस संजीव सचदेवा की पीठ ने सुनवाई के दौरान नगर निगमों और स्थानीय निकायों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। अदालत ने पूछा कि भवन निर्माण की अनुमति देने, निरीक्षण करने और अवैध निर्माण पर कार्रवाई रोकने के पीछे आखिर क्या हो रहा है?
अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कई जगहों पर लोग स्वीकृत भवन नक्शे से आगे जाकर निर्माण कर लेते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं करते। अदालत ने अधिकारियों और अवैध निर्माण करने वालों के बीच मिलीभगत की आशंका पर भी गंभीर टिप्पणी की।
अवैध निर्माण को नियमित करने पर भी चिंता
अदालत ने चुनाव के आसपास अवैध निर्माणों को नियमित करने की योजनाओं पर भी चिंता जताई। कोर्ट का कहना था कि इससे उन लोगों के साथ अन्याय होता है, जो नियमों का पालन करके मकान और व्यावसायिक भवन बनाते हैं।
राज्यों से मांगे गए सुझाव
सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से इस समस्या से निपटने के लिए सुझाव मांगे हैं। संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को शपथपत्र के माध्यम से सुझाव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
मामले में अगली कार्रवाई के लिए अदालत ने 6 जनवरी 2027 की तारीख निर्धारित की है।
सुप्रीम कोर्ट की इस सुनवाई ने एक बार फिर स्थानीय निकायों की जिम्मेदारी और भवन निर्माण की अनुमति प्रक्रिया को सवालों के घेरे में ला दिया है।
कोरबा के संदर्भ में बड़ा सवाल
इस मामले को लेकर कोरबा नगर निगम क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए जा सकते हैं।
क्या आवासीय कॉलोनियों में संचालित होटल, लॉज और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के पास नियमानुसार अनुमति है?
क्या आवासीय भवनों को व्यावसायिक उपयोग में बदलने से पहले भू-उपयोग परिवर्तन कराया गया है?
नगर निगम भवन अनुज्ञा शाखा ने कितने भवनों का निरीक्षण किया है?
स्वीकृत नक्शे से विपरीत निर्माण होने पर कितने लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई?
क्या जिम्मेदार अधिकारियों की भी जवाबदेही तय होगी?

Netagiri

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!