ADANI - HALF PAGE_page-0001
ADANI - HALF PAGE_page-0001
मनोरंजन

KBC Fake Viral Video: पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने वाला KBC वीडियो फर्जी, जानिए असली एपिसोड में क्या पूछा गया था

KBC Fake Viral Video: ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ था। वायरल क्लिप में बॉलीवुड अभिनेता और शो के होस्ट अमिताभ बच्चन को पंजाब की कानून-व्यवस्था से जुड़ा एक विवादित सवाल पूछते हुए दिखाया गया था। वीडियो सामने आने के बाद पंजाब को बदनाम करने का आरोप लगा और अमिताभ बच्चन के साथ सोनी टीवी को भी कानूनी नोटिस भेज दिया गया। हालांकि, अब जांच में इस वायरल वीडियो की सच्चाई सामने आ गई है। पता चला है कि यह वीडियो पूरी तरह फर्जी था और इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया था।

Viral video linked to Punjab, purportedly from KBC 18, turns out to be fake

KBC के नाम पर वायरल हुआ था पंजाब से जुड़ा विवादित सवाल

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अमिताभ बच्चन कथित तौर पर हॉट सीट पर बैठे कंटेस्टेंट से सवाल पूछते नजर आ रहे थे। सवाल में पूछा गया था कि हाल ही में किस राज्य में अपराधी बिना किसी डर के पुलिस थानों में बम धमाके कर रहे हैं? इसके जरिए पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने की कोशिश की गई थी।

वीडियो वायरल होने के बाद इसे लेकर राजनीतिक और कानूनी विवाद शुरू हो गया। कई लोगों ने इसे पंजाब की छवि खराब करने वाला बताया। हालांकि, जांच में सामने आया कि अमिताभ बच्चन ने KBC के किसी भी एपिसोड में ऐसा सवाल नहीं पूछा था।

कोरबा में जंगली हाथी का हमला, ट्रैक्टर को किया क्षतिग्रस्त; कई ग्रामीण थे सवार, सभी सुरक्षित

AI की मदद से तैयार किया गया था फर्जी वीडियो

वायरल क्लिप की रिवर्स इमेज सर्च के जरिए पड़ताल की गई। जांच में पता चला कि इस वीडियो में इस्तेमाल किया गया असली फुटेज साल 2022 में प्रसारित हुए ‘कौन बनेगा करोड़पति 14’ के एपिसोड नंबर 58 का है।

यह एपिसोड दिवाली के आसपास प्रसारित हुआ था। इसमें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से आए कंटेस्टेंट डॉ. समित सेन अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठे थे। फर्जी वीडियो बनाने के लिए इसी पुराने एपिसोड के फुटेज का इस्तेमाल किया गया और असली सवाल को हटाकर उसकी जगह पंजाब से जुड़ा विवादित सवाल जोड़ दिया गया।

असली एपिसोड में अमृता शेर-गिल से जुड़ा था सवाल

KBC 14 के इस एपिसोड में अमिताभ बच्चन ने डॉ. समित सेन से 12.50 लाख रुपये के लिए एक सवाल पूछा था। यह सवाल मशहूर चित्रकार अमृता शेर-गिल से संबंधित था।

अमिताभ बच्चन ने पूछा था कि इनमें से किस कलाकार का जन्म बुडापेस्ट में हुआ था, जिनकी मां हंगेरियन और पिता भारतीय थे? इसके विकल्पों में कंटेस्टेंट ने एफ.एन. सूजा को चुना था, जबकि इस सवाल का सही जवाब अमृता शेर-गिल था।

बता दें कि अमृता शेर-गिल का जन्म हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में हुआ था। उनके पिता उमराव सिंह शेर-गिल मजीठिया पंजाबी सिख थे, जबकि उनकी मां मैरी एंटोनेट गोट्समैन हंगेरियन ओपेरा गायिका थीं।

बीजेपी प्रवक्ता ने भी शेयर किया था वायरल वीडियो

पंजाब से जुड़ा यह फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने भी 19 नवंबर को इसे अपने X अकाउंट पर शेयर किया था।

उन्होंने वीडियो के साथ पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा था। इसके बाद वीडियो को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई। हालांकि, जांच में स्पष्ट हो गया कि KBC में ऐसा कोई सवाल पूछा ही नहीं गया था।

अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को क्यों भेजा गया लीगल नोटिस?

इस मामले में पंजाब के संगरूर निवासी रंजीत सिंह की ओर से उनके वकील इंदरजीत अरोड़ा ने अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को कानूनी नोटिस भेजा था।

वकील के मुताबिक, उनके मुवक्किल ने उन्हें KBC के नाम से वायरल हो रहा वीडियो और स्क्रीनशॉट दिखाया था। इसके बाद उन्होंने इसे पंजाब की छवि खराब करने की कोशिश बताते हुए कानूनी कार्रवाई की।

नोटिस में विवादित वीडियो हटाने, पंजाब के लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देने की मांग की गई थी। इसके साथ ही 15 दिनों के भीतर लिखित जवाब देने को भी कहा गया था।

आम आदमी पार्टी ने SAD पर लगाया फर्जी वीडियो बनाने का आरोप

इस विवाद पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी प्रतिक्रिया दी थी। पार्टी प्रवक्ता बलतेज सिंह पन्नू ने NDTV से बातचीत में वायरल वीडियो को फर्जी बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि शिरोमणि अकाली दल (SAD) पंजाब को बदनाम करने और राजनीतिक फायदा उठाने के लिए इस तरह के फर्जी वीडियो तैयार करवा रहा है। हालांकि, शिरोमणि अकाली दल की ओर से इस आरोप पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि AI की मदद से इस वीडियो को सबसे पहले किसने तैयार किया और सोशल मीडिया पर किसने वायरल किया।

अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी की ओर से नहीं आया बयान

इस पूरे विवाद पर अभी तक अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, नोटिस भेजने वाले वकील ने भी अब तक इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया है।

जांच में सामने आई जानकारी से साफ है कि वायरल क्लिप में दिखाया गया पंजाब से जुड़ा सवाल KBC का हिस्सा नहीं था। पुराने एपिसोड के वास्तविक फुटेज के साथ छेड़छाड़ कर AI की मदद से फर्जी वीडियो तैयार किया गया था। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले AI जनरेटेड वीडियो की सच्चाई जांचने की जरूरत को भी उजागर करता है।

Netagiri

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!