कोरबा में जंगली हाथी का हमला, ट्रैक्टर को किया क्षतिग्रस्त; कई ग्रामीण थे सवार, सभी सुरक्षित

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथियों की मौजूदगी के बीच एक बार फिर ग्रामीणों का सामना विशालकाय हाथी से हो गया। कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा जंगल में अचानक सामने आए हाथी ने ट्रैक्टर पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान ट्रैक्टर में कई ग्रामीण सवार थे। हाथी को सामने देखकर उनमें अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात रही कि सभी ग्रामीण सुरक्षित बच गए और किसी को चोट नहीं आई।

अचानक सामने आ गया विशालकाय हाथी
जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण ट्रैक्टर से जंगल के रास्ते गुजर रहे थे। इसी दौरान जिल्गा जंगल में अचानक एक विशालकाय हाथी उनके सामने आ गया। हाथी को बेहद करीब देखकर ट्रैक्टर में सवार ग्रामीण घबरा गए। इसी बीच ट्रैक्टर के इंजन की आवाज और ग्रामीणों के शोर से हाथी विचलित हो गया।
हाथी ने ट्रैक्टर को बनाया निशाना
बताया जा रहा है कि विचलित हाथी ने अचानक ट्रैक्टर पर हमला कर दिया और उसे नुकसान पहुंचाया। घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हाथी के हमले के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में हाथी जंगल की ओर लौट गया।
बाल-बाल बचे ट्रैक्टर सवार ग्रामीण
इस घटना में ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन किसी भी ग्रामीण को चोट नहीं आई। सभी लोग सुरक्षित बच निकले। घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। जंगल के रास्तों से गुजरने वाले लोगों के लिए यह घटना एक बार फिर हाथियों की मौजूदगी के बीच सतर्क रहने की चेतावनी है।




