Korba News: हाईकोर्ट के आदेश में हेराफेरी कर जमानत दिलाने का दावा! 2.75 लाख रुपये लेने का आरोप, कथित अधिवक्ता के खिलाफ शिकायत

कोरबा-बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में हाईकोर्ट के आदेश की प्रति में कथित छेड़छाड़ कर उसे जमानत के दस्तावेज के रूप में पेश करने का गंभीर मामला सामने आया है। कोरबा निवासी विक्रम बग्गा ने कथित अधिवक्ता श्रीकांत सिंह राजपूत के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि श्रीकांत ने जमानत दिलाने के नाम पर 2 लाख 75 हजार रुपये लिए और बाद में हाईकोर्ट के दूसरे मामले के आदेश में कथित बदलाव कर उसे जमानत आदेश बताकर व्हाट्सऐप पर भेज दिया। शिकायतकर्ता ने कोरबा पुलिस अधीक्षक से मामले में FIR दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।
जमानत दिलाने के नाम पर लिए 2.75 लाख रुपये
शिकायत के मुताबिक, करीब छह महीने पहले विक्रम बग्गा की मुलाकात श्रीकांत सिंह राजपूत से हुई थी। विक्रम का साला हरविंदर सिंह धारा 302 के एक मामले में जेल में बंद है। इसी दौरान श्रीकांत ने हरविंदर की जमानत कराने का भरोसा दिया।
आरोप है कि जमानत की प्रक्रिया के नाम पर अलग-अलग समय में कुल 2 लाख 75 हजार रुपये लिए गए। इसमें करीब 1 लाख 35 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से दिए गए, जबकि बाकी रकम दोस्त के फोन-पे और नकद के जरिए भुगतान की गई।
हाईकोर्ट के दूसरे केस का आदेश बदलकर भेजने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जमानत की स्थिति पूछने पर श्रीकांत सिंह राजपूत ने उसे व्हाट्सऐप पर हाईकोर्ट के आदेश की एक प्रति भेजी। इस दस्तावेज में हरविंदर सिंह को आवेदक और श्रीकांत सिंह को अधिवक्ता बताया गया था।
हालांकि, दस्तावेज को लेकर संदेह होने पर विक्रम ने हाईकोर्ट के ऑनलाइन पोर्टल पर इसकी जानकारी जांची। तब कथित तौर पर सामने आया कि आदेश किसी दूसरे मामले से संबंधित है।
MCRC No. 3569/2026 के मूल आदेश में बदलाव का दावा
शिकायत में बताया गया है कि MCRC No. 3569/2026 का मूल आदेश 15 जून 2026 को जारी हुआ था। यह मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसीवां थाना क्षेत्र से जुड़े हनुमंतराव टंडन का बताया गया है।
विक्रम बग्गा का आरोप है कि मूल आदेश में कथित तौर पर आवेदक और प्रकरण से जुड़ी जानकारी बदल दी गई। इसके साथ ही अधिवक्ता के स्थान पर श्रीकांत सिंह राजपूत का नाम अंकित कर दिया गया। इस तरह दूसरे मामले के आदेश को हरविंदर सिंह के जमानत प्रकरण का दस्तावेज बनाकर पेश करने का आरोप लगाया गया है।
पहले भी फर्जी नियुक्ति मामले में सामने आया था नाम
श्रीकांत सिंह राजपूत का नाम इससे पहले भी एक कथित फर्जीवाड़े के मामले में सामने आ चुका है। आरोप है कि नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के फर्जी हस्ताक्षर और नगर निगम की कथित फर्जी सील का इस्तेमाल कर एक युवक को संविदा नियुक्ति दी गई थी। इस मामले में भी कोरबा पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।
6 नवंबर को कोरबा एसपी से की शिकायत, बिलासपुर पुलिस करेगी जांच
विक्रम बग्गा ने 6 नवंबर 2026 को कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत देकर कथित धोखाधड़ी और न्यायालय के आदेश में कूट रचना करने के आरोप में FIR दर्ज करने की मांग की है। शिकायत के साथ संबंधित दस्तावेज भी सौंपे गए हैं।
कोरबा एसपी कार्यालय ने शिकायत को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर को भेज दिया है। शिकायत में घटनाक्रम से जुड़ा स्थान बिलासपुर बताया गया है।
फिलहाल पूरे मामले में शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच होना बाकी है। हाईकोर्ट के मूल आदेश और कथित रूप से बदली गई प्रति का मिलान करने के बाद ही दस्तावेजों में छेड़छाड़ और रकम के लेनदेन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अभी इस मामले में FIR दर्ज होने या किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।



