
♦Netagiri.in____कोरबा। जिले के हाथी प्रभावित ग्राम कुदमुरा में धान की रखवाली के दौरान जंगली हाथी के हमले में मंडी प्रभारी राजेश कुमार सिंह की मौत हो गई। घटना मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आदिवासी सेवा सहकारी समिति कोरकोमा के धान उपार्जन केंद्र कुदमुरा में धान की सुरक्षा के लिए राजेश कुमार सिंह अपनी पत्नी और अन्य कर्मचारियों के साथ अस्थायी झोपड़ी में रुक रहे थे। इसी दौरान एक दंतैल हाथी उपार्जन केंद्र में पहुंच गया। टॉर्च और शोर मचाकर हाथी को भगाने की कोशिश के दौरान हाथी ने राजेश कुमार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी और अन्य कर्मचारी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और मृतक के परिजनों में शोक की लहर है। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस बीच जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ कोरबा ने मृतक के परिजनों को श्रद्धांजलि स्वरूप 10 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की। संघ के पदाधिकारी मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को आर्थिक सहायता देते हुए शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान संघ के पदाधिकारी विनोद भट्ट, वेद प्रकाश वैष्णव, तुलेश्वर कौशिक, चंद्रशेखर कैवत, अशोक दुबे, दुलीचंद धीवर, कमल दुबे, मुरली मनोहर दुबे, दिनेश पटेल, दुर्योधन कंवर, शशिकांत वैष्णव सहित कोरकोमा समिति के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राठिया, प्रभारी प्रबंधक बृजभवन सिंह तंवर और समिति के कर्मचारी उपस्थित रहे।


