ADANI - HALF PAGE_page-0001
ADANI - HALF PAGE_page-0001
मनोरंजन

Amitabh Bachchan: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की जान को खतरा? ‘जलसा’ के बाहर फायरिंग की साजिश का खुलासा

Amitabh Bachchan: अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर ‘जलसा’ के बाहर फायरिंग करने की कथित साजिश के मामले में दिल्ली पुलिस ने दो शार्पशूटर्स को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जालंधर निवासी विकास ठाकुर और तरनतारन निवासी दीपक सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के लिए काम करते थे। पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टर 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर अमिताभ बच्चन के कथित बयान से नाराज था और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाने की योजना बनाई गई थी।

हालांकि, अमिताभ बच्चन पहले ही इस तरह के बयान देने के आरोपों से इनकार कर चुके हैं।

Delhi Police arrested 2 sharpshooters

अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग करने की थी योजना

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। दीपक सिंह को मुंबई में लंबे समय तक रुकने और अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग करने का काम दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टर अमिताभ बच्चन को 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े कथित बयान के कारण निशाना बनाना चाहता था।

वहीं, दीपक सिंह अमृतसर में 3 अक्टूबर को हुई इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में भी वांटेड था। इस मामले में उसका साथी पलविंदर सिंह उर्फ काका पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

Janjatiya Gaurav Divas 2026: उलगुलान आंदोलन से अंग्रेजों की नींव हिलाने वाले बिरसा मुंडा को देश का नमन

दिल्ली के कारोबारी पर भी फायरिंग की थी साजिश

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दूसरा आरोपी विकास ठाकुर जालंधर के न्यू गांधी नगर का रहने वाला है। उसे मुंबई से दिल्ली भेजा गया था। यहां उसे एक कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए उसके ऊपर फायरिंग करनी थी।

इस वारदात में दीपक सिंह को भी शामिल होना था, लेकिन पुलिस ने समय रहते विकास ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई पुलिस की मदद से दीपक सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया।

1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़ा है अमिताभ बच्चन पर आरोप

दरअसल, 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद देश के कई हिस्सों में सिख विरोधी हिंसा भड़क उठी थी। इस दौरान कुछ सिख संगठनों और दंगों की गवाह जगदीश कौर ने अमिताभ बच्चन पर गंभीर आरोप लगाए थे।

शिकायतकर्ताओं का दावा था कि 31 अक्टूबर 1984 को दिल्ली के एम्स अस्पताल के बाहर अमिताभ बच्चन ने भीड़ को उकसाया था। आरोपों के मुताबिक, उन्होंने दूरदर्शन के लाइव प्रसारण के दौरान हाथ उठाकर ‘खून का बदला खून’ जैसे नारे लगाए थे।

हालांकि, इस कथित प्रसारण का कोई आधिकारिक वीडियो सार्वजनिक नहीं हुआ है। अमिताभ बच्चन इन आरोपों का खंडन कर चुके हैं। साथ ही, भारत की किसी भी जांच एजेंसी ने उन्हें 1984 के दंगों में आरोपी नहीं बनाया है।

2014 में अमेरिकी अदालत से आया था समन

अक्टूबर 2014 में सिख्स फॉर जस्टिस संगठन ने अमेरिका के लॉस एंजिल्स की एक संघीय अदालत में अमिताभ बच्चन के खिलाफ दीवानी मुकदमा दायर किया था। यह मुकदमा 1984 के दंगों से जुड़े कथित बयानों को लेकर किया गया था। अमिताभ बच्चन ने कानूनी रूप से इन आरोपों का खंडन किया था।

अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की मिली थी धमकी

अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर इससे पहले भी धमकियां सामने आ चुकी हैं। 6 नवंबर को उनके मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला था।

इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भी धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। इसमें अमिताभ बच्चन के बंगले को निशाना बनाने की बात कही गई थी।

ईमेल में पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का भी जिक्र किया गया था। धमकी देने वाले ने दावा किया था कि दिलजीत ने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे, इसलिए उन्हें भी निशाना बनाया जाएगा। इसके अलावा 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में आत्मघाती हमले की धमकी भी दी गई थी।

टाइगर श्रॉफ की कार पर भी हुई थी फायरिंग

मुंबई में हाल ही में बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर जुहू इलाके में फायरिंग की गई थी। उस समय टाइगर फुटबॉल खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे।

इस घटना में टाइगर श्रॉफ को कोई चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Netagiri

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!