
Netagiri.in–नई दिल्ली—****सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत को भारत का अगला मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वे 24 नवंबर 2025 को देश के 53वें सीजेआई के रूप में शपथ लेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है।

वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बी.आर. गवई 23 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके उत्तराधिकारी के रूप में जस्टिस सूर्यकांत का नाम केंद्र सरकार को भेजा गया था, जिसे औपचारिक स्वीकृति मिल गई है।
हरियाणा के हिसार जिले से ताल्लुक रखने वाले जस्टिस सूर्यकांत का जीवन संघर्ष और सादगी से भरा रहा है। उनके पिता संस्कृत के अध्यापक और माता गृहिणी थीं। उन्होंने रोहतक विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई पूरी की और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में वकालत से अपना करियर शुरू किया। बाद में वहीं न्यायाधीश बने और फिर हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद तक पहुँचे।
सुप्रीम कोर्ट में आने के बाद उन्होंने कई अहम मामलों में ऐसी टिप्पणियाँ और फैसले दिए, जिन्हें न्याय की संवेदनशीलता और संवैधानिक मूल्यों की मिसाल माना गया।
केंद्रीय कानून राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें बधाई देते हुए कहा कि “जस्टिस सूर्यकांत के नेतृत्व में भारतीय न्यायपालिका नए विश्वास और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ेगी।”
देश अब एक बार फिर सर्वोच्च न्यायालय में नई ऊर्जा और दृष्टि वाले नेतृत्व का स्वागत करने जा रहा है।


