Netagiri.in___Renujaiswal****सक्ती। स्वच्छता सामग्री की खरीदी में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का खुलासा होने के बाद राज्य सरकार ने सक्ती जिले के तीन विकासखंड शिक्षा अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की है। मामले की उच्च स्तरीय जांच में भंडार क्रय नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर डभरा, जैजैपुर और मालखरौदा विकासखंड के बीईओ को निलंबित कर दिया गया है।
शिक्षा संभाग बिलासपुर के संयुक्त संचालक द्वारा भेजी गई जांच रिपोर्ट में बताया गया कि खरीदी प्रक्रिया के दौरान न तो निर्धारित भंडार क्रय नियमों का पालन किया गया और न ही क्रय आदेश की अनिवार्य शर्तों का। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि सामग्री का भौतिक सत्यापन और गुणवत्ता परीक्षण किए बिना ही निम्नस्तरीय और घटिया सामग्री सप्लाई स्वीकार कर ली गई।
जिन अधिकारियों पर कार्रवाई हुई उनमें शामिल हैं—
- श्यामलाल वारे, बीईओ डभरा
- व्ही.के. सिदार, बीईओ जैजैपुर
- टी.एस. जगत, तत्कालीन बीईओ मालखरौदा
जांच में दोष सिद्ध होने पर सरकार ने इन अधिकारियों को कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और वित्तीय नियमों की अवहेलना का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शासन ने इस कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का स्पष्ट उल्लंघन और गंभीर कदाचार की श्रेणी में रखा है।



