बर्फबारी से आफत एक्शन में CM उमर अब्दुल्ला, अफसरों को दिए निर्देश
जम्मू कश्मीर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सभी जिलों के प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वह अपने-अपने जिलों की स्थिति के बारे में हर दो घंटे में मुख्यमंत्री कार्यालय और मुख्य सचिव कार्यालय अपडेट प्रदान करें। उन्होंने बर्फबारी के कारण उत्पन्न स्थिति को देखते हुए आपात स्थिति को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने के लिए सभी जिला और उप-जिला अस्पतालों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला शनिवार को कश्मीर घाटी में भारी बर्फबारी के बाद बर्फ हटाने के कार्यों और आवश्यक सेवाओं की बहाली की समीक्षा के लिए जम्मू-कश्मीर के सभी जिलों के अधिकारियों के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
गांदरबल में वीडियो कॉन्फ्रेंस हाल में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, उपायुक्त गांदरबल श्यामबीर, एडीसी गांदरबल और अन्य वरिष्ठ जिला अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से भाग लिया। मुख्य सचिव, कश्मीर और जम्मू के मंडलायुक्त और सभी जिलों के उपायुक्तों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।


