ADANI - HALF PAGE_page-0001
ADANI - HALF PAGE_page-0001
छत्तीसगढ़

तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष पद की कमान जितेन्द्र साहू के हाथों में

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के डीडीयू ऑडिटोरियम में आयोजित गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड के नव नियुक्त अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार साहू के पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह में शामिल हुए. इस अवसर पर उन्होंने साहू को उनके नए दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और परंपरागत श्रमशीलता के सम्मान का उत्सव है, जिसने सदियों से प्रदेश की आत्मा को संजोए रखा है. उन्होंने कहा कि जितेन्द्र साहू एक शिक्षित, प्रगतिशील किसान हैं और सामाजिक जीवन का दीर्घ अनुभव रखते हैं. निश्चित ही, उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड नई ऊंचाइयों को छुएगा.

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गर्मियों में खेती के लिए जल और ऊर्जा की अधिक आवश्यकता होती है, ऐसे में फसल चक्र को अपनाते हुए तिलहन फसलों को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है. सरकार की ओर से कई योजनाएं सरकार की ओर से किसानों के लिए चल रहे हैं जिनका लाभ छत्तीसगढ़ के लोगों को मिलेगा. इस दिशा में साहू समाज और तेलघानी विकास बोर्ड की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान को गति मिल रही है, जिसमें तेलघानी विकास बोर्ड प्रभावी योगदान दे सकता है.

मुख्यमंत्री ने सरगुजा जिले के एक गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां के किसान सामूहिक रूप से ऑर्गेनिक सुगंधित चावल का उत्पादन कर रहे हैं और उसे 300 रुपये प्रति किलो के भाव से बेच रहे हैं. इसी तरह कुछ किसान पारंपरिक विधि से सरसों का तेल निकालकर 1,000 रुपये प्रति लीटर तक बेच रहे हैं. ऐसे नवाचारों को राज्य भर में प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है.

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनकी सरकार ने 15 महीनों में ‘मोदी की गारंटी’ के तहत अधिकांश वादों को पूरा किया है. उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल तक ‘आवास सर्वेक्षण प्लस प्लस’ अभियान के माध्यम से आवासहीन व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें आवास उपलब्ध कराए जाएंगे. साथ ही, आवास योजनाओं के नियमों में शिथिलता लाकर अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को लाभ देने की व्यवस्था की गई है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर में 3 करोड़ आवास निर्माण का लक्ष्य तय किया है, जिससे छत्तीसगढ़ के नागरिकों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा.

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पंचायती राज दिवस के अवसर पर प्रदेश के 146 विकासखंडों के 1460 गांवों में ‘अटल डिजिटल सुविधा केंद्र’ का शुभारंभ किया गया है, जिनके माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचेगा. उन्होंने कहा कि आने वाले वक्त में जनता को बैंक की लाइन नहीं लगना पड़ेगा. आगामी 6 माह में 8 हजार ग्राम पंचायत में ये सेवा दी जायेगी साथ ही कुछ माह में 11 हजार पंचायत में ये सेवा शुरू की जाएगी.

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार ने साहू समाज के एक शिक्षित और ठेठ छत्तीसगढ़िया किसान को तेलघानी विकास बोर्ड का दायित्व सौंपा है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि साहू के नेतृत्व में बोर्ड अपने उद्देश्यों की पूर्ति में सफल होगा. इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी, ईश्वर साहू, दीपेश साहू, डोमन लाल कोर्सेवाड़ा सहित विभिन्न मंडल आयोगों के अध्यक्ष, तेलघानी विकास बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.

Netagiri

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!