
Netagiri.in___सूरजपुर___छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में ACB ने सूरजपुर जिले में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए उप आयुक्त सहकारिता कार्यालय में पदस्थ सहकारिता निरीक्षक अभिषेक सोनी को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी निरीक्षक पर लेखपाल के पद पर नियुक्ति कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी सहकारिता निरीक्षक अभिषेक सोनी ने एक प्रार्थी से लेखपाल पद पर नियुक्ति दिलाने के एवज में कुल 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर प्रार्थी ने पूरे मामले की शिकायत एसीबी से की। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसीबी ने पहले मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। तय रणनीति के तहत प्रार्थी द्वारा आरोपी को 40 हजार रुपये की पहली किस्त दी जानी थी। जैसे ही उप आयुक्त सहकारिता कार्यालय परिसर में अभिषेक सोनी ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से तैनात एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी संलिप्त हैं या नहीं।
गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले ही सूरजपुर जिले में एसीबी ने तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू लोखन राम को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। बाबू पर क्षतिपूर्ति मुआवजा प्रकरण के निपटारे के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। इस तरह 24 घंटे के भीतर एसीबी की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिससे जिले के सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है।
एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर रिश्वतखोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।



