
Netagiri.in___कोरबा। जिले के बांकीमोगरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढपढप में प्रख्यात कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री द्वारा श्री हनुमंत कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
इसके बावजूद भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व सक्रिय हो गए हैं। जानकारी के अनुसार बांकीमोगरा निवासी नवल पंडित की पत्नी अमिता पंडित अपनी पड़ोसियों के साथ कथा सुनने पहुंची थीं। कथा पंडाल से बाहर निकलते समय भीड़ के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से सोने का हार पार कर दिया। चोरी गए हार की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना के बाद पीड़िता ने बांकीमोगरा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सतर्कता जरूरी
प्रशासन और आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले आयोजनों में कीमती गहने पहनकर न आएं, ज्यादा नकदी साथ न रखें और अपने सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतें।


