
नई दिल्ली। Delhi Cafe Gang Rape Case: देश की राजधानी दिल्ली से एक युवती के साथ कथित गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है। पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में स्थित एक कैफे में 22 वर्षीय युवती के साथ गैंगरेप का आरोप लगा है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस मामले में आरोपी युवती के साथ ही कैफे में काम करते थे। बताया जा रहा है कि घटना से पहले कैफे में शराब पार्टी हुई थी। इसके बाद युवती ने दो युवकों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

दिल्ली के कैफे में शराब पार्टी के बाद वारदात
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता कड़कड़डूमा स्थित क्रॉस रिवर मॉल के सल्तनत कैफे में काम करती है। इस कैफे में आरोपित लोग भी उसके सहकर्मी हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात पीड़िता समेत कुल सात लोग प्रीत विहार स्थित सल्तनत कैफे पहुंचे थे।
कैफे रात करीब 11:30 बजे बंद हो चुका था, लेकिन पार्टी में शामिल एक व्यक्ति के पास कैफे की चाबी थी। इसी चाबी की मदद से कैफे को दोबारा खोला गया। इसके बाद सभी लोगों ने वहां शराब पार्टी की। बताया गया है कि पार्टी खत्म होने के बाद सभी लोग सुबह करीब 3:30 बजे कैफे से बाहर निकले।
दो युवकों पर गैंगरेप का आरोप
पुलिस के मुताबिक, कैफे से निकलने के कुछ समय बाद 22 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया कि दो युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने आरोपियों का साथ दिया। घटना के बाद युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
दो महिलाओं समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
फिलहाल पुलिस पार्टी में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के समय कैफे में क्या हुआ था और वारदात में किसकी क्या भूमिका थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।



