कोरबा: सीतामणी में अवैध रेत खनन जारी, प्रशासन बेबस
कोरबा। सीतामणी क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद अवैध रेत खनन जोरों पर है। हर दिन सैकड़ों ट्रैक्टर और टिप्पर रेत से भरे निकलते हैं, जिससे सरकार को लाखों रुपये के राजस्व की हानि हो रही है। वहीं, नदी का जलस्तर गिरने से किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है।
अवैध खनन में कौन शामिल?
सूत्रों के अनुसार, विस्वा पटेल, ननकी पटेल, सद्दाम, शहजाद, घनश्याम, गंगापुर, शोएब, रवि पटेल और राजा गुप्ता सहित अन्य लोग इस अवैध खनन में लिप्त हैं। ये लोग जेसीबी, ट्रैक्टर और टिप्पर से दिन-रात रेत निकाल रहे हैं।
प्रशासनिक कार्रवाई बेअसर
प्रशासन द्वारा कभी-कभी छापेमारी की जाती है, लेकिन माफियाओं को पहले ही खबर मिल जाती है, जिससे वे कार्रवाई से बच निकलते हैं।
पर्यावरण को भारी नुकसान
अंधाधुंध खनन से नदी की गहराई बढ़ने और किनारे कमजोर होने से बाढ़ का खतरा भी मंडरा रहा है। पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यह अवैध खनन नहीं रुका, तो आने वाले वर्षों में नदियां और जल स्रोत पूरी तरह खत्म हो सकते हैं।




