IPL Bat Checking Rule: क्रिकेट में बड़ा बदलाव! अब इंटरनेशनल मैचों में भी होगी बल्लेबाजों के बैट की जांच

IPL Bat Checking Rule: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में बल्लेबाजों के बल्ले की जांच के लिए लागू किया गया खास नियम अब इंटरनेशनल क्रिकेट में भी देखने को मिल सकता है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) इस नियम को अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में लागू करने पर विचार कर रही है। इसके तहत बल्लेबाज को क्रीज पर पहुंचने से पहले अपना बल्ला अंपायर से चेक कराना होगा। इसका मुख्य उद्देश्य क्रिकेट में बल्ले के निर्धारित आकार और नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की अध्यक्षता वाली ICC क्रिकेट कमेटी को इस प्रस्ताव पर मुख्य कार्यकारी समिति (CEC) की मंजूरी मिल गई है। हाल ही में बाली में हुई बैठक के दौरान इस नियम को लेकर चर्चा की गई और इसे आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया।

कैसे काम करेगा बैट चेकिंग नियम?
IPL में बल्लेबाजों के बल्ले की जांच के लिए अंपायर एक खास गेज (खांचा) का इस्तेमाल करते हैं। इस गेज से बल्ले की मोटाई और आकार की जांच की जाती है। अगर बल्लेबाज का बल्ला निर्धारित खांचे से आसानी से निकल जाता है, तो उसे इस्तेमाल करने की अनुमति मिल जाती है। वहीं, निर्धारित आकार से बड़ा बल्ला होने पर बल्लेबाज को उसे बदलना पड़ता है।
हालांकि, मैच से पहले भी बल्लों की जांच की जाती है, लेकिन बल्लेबाजों के पास कई बैट होने के कारण मैदान पर उतरते समय भी उनकी जांच जरूरी मानी जाती है। अब ICC इसी व्यवस्था को इंटरनेशनल क्रिकेट में लागू करने की तैयारी कर रही है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत अंपायर किसी भी बल्लेबाज को क्रीज पर जाने से पहले अपना बल्ला गेज से चेक कराने के लिए कह सकते हैं। इसके लिए अंपायरों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
बल्ले के आकार को लेकर क्या हैं MCC के नियम?
क्रिकेट के नियम बनाने वाली संस्था मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के मुताबिक, बल्ले का आकार निर्धारित मानकों के अनुसार होना चाहिए।
- बल्ले की अधिकतम चौड़ाई: 4.25 इंच
- बल्ले की अधिकतम मोटाई (गहराई): 2.64 इंच
- बल्ले की अधिकतम मोटाई (किनारे): 1.56 इंच
इन मानकों का पालन करना सभी बल्लेबाजों के लिए जरूरी है।
क्यों जरूरी हो गई बल्ले की जांच?
पिछले कुछ वर्षों में क्रिकेट में बड़े शॉट और छक्कों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में बल्लेबाजों के बल्लों के आकार और उनकी मोटाई को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। बड़े और मोटे बल्लों से बल्लेबाजों को शॉट खेलने में अतिरिक्त मदद मिलने की आशंका भी जताई जाती है।
इसी को देखते हुए बल्लों की नियमित जांच को जरूरी बनाने पर विचार किया जा रहा है। अगर ICC इस प्रस्ताव को आधिकारिक रूप से लागू करती है, तो इंटरनेशनल क्रिकेट में भी IPL की तरह बल्लेबाजों को मैदान पर उतरने से पहले अपने बल्ले की जांच करानी पड़ सकती है।



