रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या ने पूरे प्रदेश को हिला दिया है। इस जघन्य कृत्य के मुख्य आरोपी ठेकेदार सुरेश चंद्राकर को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि सुरेश विदेश भागने की तैयारी में था।
1 जनवरी को गायब हुए पत्रकार मुकेश का शव 3 जनवरी को ठेकेदार के सेप्टिक टैंक में मिला। मुकेश ने हाल ही में ठेकेदार सुरेश के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश किया था, जिसके बाद सुरेश के खिलाफ कार्रवाई हुई थी। माना जा रहा है कि यह हत्या इसी वजह से हुई।
घटना के विरोध में संभाग के पत्रकारों ने नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने ठेकेदार की अवैध संपत्तियों की कुर्की, सरकारी टेंडरों की रद्दीकरण और बैंक खातों को सीज करने की मांग की है।


