
Netagiri.in__कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के तानाखार में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां अल्टो कार और डीजल टैंकर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में अल्टो कार सवार 36 वर्षीय जुगनू खान, निवासी सूरजपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि अल्टो कार में दो महिलाएं और तीन पुरुष सवार थे, जो सूरजपुर से बिलासपुर इलाज कराने जा रहे थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

हादसे के चलते सड़क के दोनों ओर करीब 2 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


