
कोरबा—–कोरबा जिले से बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनपद सदस्य एवं ठेकेदार अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच ग्राम केशलपुर में पीएमजीएसवाई सड़क निर्माण स्थल पर एक काली कार में सवार करीब तीन हमलावरों ने धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया। हमले में अक्षय गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा सहित पूरे जिले में सनसनी फैल गई है। परिजनों, समर्थकों और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ अस्पताल के बाहर जुट गई है।
कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच चुके हैं, वहीं जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है, इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।


