बैंक से निकले ग्रामीण से 30 हजार की लूट
सरगुजा।’ जिला सहकारी बैंक पैसा निकालने आए ग्रामीण से बाइक सवार युवकों ने 30 हजार रुपए लूट लिया और भाग निकले। युवकों ने चेंज मांगने के बहाने ग्रामीण को झांसे में लिया। पुलिस युवकों की शिनाख्त के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। घटना लखनपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, लखनपुर के पैलेस रोड स्थित जिला सहकारी बैंक में शुक्रवार को प्रेम शंकर (45) निवासी ग्राम लब्जी जामा अपने पैसे निकालने पहुंचा था। प्रेम शंकर ने समर्थन मूल्य पर धान बेचा था, जिसकी राशि सहकारी बैंक में जमा थी। उसने दोपहर में जिला सहकारी बैंक लखनपुर में 30 हजार रुपए निकाले और बाहर निकाला।
बैंक के बाहर खड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे चेंज पैसे की जरूरत बता रोका और उसे मोटरसाइकिल में बैठाकर नेशनल हाईवे 130 में चंदनई नदी के पास ले गए। युवकों ने उससे 500 का चेंज मांगा। इसी दौरान पॉकेट में रखे 30000 रुपए लूट लिया और ग्रामीण को मोटरसाइकिल में बैठाकर कपड़े में बंधे ईट पत्थर को पकड़ाकर उसे वार्ड क्रमांक 4 तालाब के पास लाकर छोड़ दिया और फरार हो गए।


