
Mohammed Shami Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपने इस फैसले की जानकारी दी। शमी ने आखिरी बार साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मुकाबला खेला था। हालांकि, उन्होंने साफ किया है कि वह सीमित ओवरों यानी वनडे और टी20 क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। ऐसे में क्रिकेट फैंस उन्हें सफेद गेंद वाले क्रिकेट में खेलते हुए देख सकेंगे।
शमी पिछले काफी समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से उन्हें टीम इंडिया की ओर से खेलने का मौका नहीं मिला है। हालांकि, घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा है। उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बंगाल की टीम में भी शामिल किया गया है।

सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर कर कही ये बात
मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से विदाई लेते हुए सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा कि वह भारी मन और अनगिनत खूबसूरत यादों के साथ टेस्ट क्रिकेट से अलविदा कह रहे हैं।
शमी के मुताबिक, पहली बार भारत की सफेद जर्सी पहनना उनके लिए एक सपने के सच होने जैसा था। इसके बाद मैदान पर लिए गए हर विकेट, संघर्ष, चोट और वापसी ने उन्हें जिंदगी में बहुत कुछ सिखाया।
CG News : फायर NOC रिन्यूअल के लिए अब नहीं करना होगा लंबा इंतजार, राजपत्र में अधिसूचना जारी
उन्होंने अपने क्रिकेट सफर में साथ देने वाले सभी साथियों, कोचों, परिवार और देश के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का आभार जताया। इसके अलावा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAB) को भी धन्यवाद दिया।
उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि भले ही मैदान पर उनकी आखिरी टेस्ट गेंद फेंकी जा चुकी है, लेकिन देश के लिए खेलने का गर्व उनके दिल में हमेशा जिंदा रहेगा। शमी ने यह भी संदेश दिया कि वह सफेद जर्सी से विदा ले रहे हैं, उससे जुड़ी यादों से नहीं।
कैसा रहा मोहम्मद शमी का टेस्ट क्रिकेट करियर?
मोहम्मद शमी ने साल 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने अपनी तेज गेंदबाजी और शानदार स्विंग से दुनियाभर के बल्लेबाजों को परेशान किया।
शमी के टेस्ट करियर के आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने भारत के लिए कुल 64 टेस्ट मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 27.71 की गेंदबाजी औसत से 229 विकेट हासिल किए। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 6 बार पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड भी दर्ज है।
शमी ने साल 2023 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के बाद से भारत के लिए कोई टेस्ट मुकाबला नहीं खेला था। अब उनके संन्यास के ऐलान के साथ ही भारतीय क्रिकेट में उनके टेस्ट करियर का सफर समाप्त हो गया है।




