रिश्तो का कत्ल, पत्नी का कटा हुआ धड़ हाथ में लेकर घूमता रहा आरोपी पति कोरबा में दिल दहला देने वाली वारदात: पति ने पत्नी की निर्मम हत्या की, इलाके में दहशत

Netagiri.in—-कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। रजगामार थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में एक पति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सालिक राम यादव ने अपनी पत्नी चैत कुंवर के साथ हुए विवाद के बाद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने क्रूरता की हदें पार करते हुए पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया।
घटना के बाद आरोपी का व्यवहार और भी चौंकाने वाला रहा। वह कथित रूप से कटा हुआ सिर लेकर घर में बैठा रहा और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी देता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात के बाद वह कुछ समय के लिए गांव के पास स्थित एक पोल्ट्री फार्म के आसपास भी देखा गया, जिससे पूरे इलाके में भय और सनसनी फैल गई।
दिनदहाड़े हुई इस जघन्य घटना से गांव में आक्रोश और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
यह वारदात एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि पारिवारिक विवाद और आपसी अविश्वास किस तरह भयावह रूप ले सकते हैं, जो रिश्तों को तार-तार कर देते हैं।


