मासूम को न्याय दिलाने सड़कों पर उतरा कोरबा, कैंडल मार्च में उमड़ा जनसैलाब; फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और फांसी की मांग

कोरबा। रजगामार में मासूम बच्ची के साथ हुई जघन्य घटना को लेकर पूरे कोरबा में आक्रोश और शोक का माहौल है। मासूम को न्याय दिलाने और मामले में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने की मांग को लेकर कोरबा प्रेस क्लब के आह्वान पर शहर में विशाल कैंडल मार्च निकाला गया। पत्रकारों, सामाजिक संगठनों, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने एकजुट होकर दिवंगत बच्ची को श्रद्धांजलि दी और आरोपी को कठोरतम सजा देने की मांग उठाई।

तिलक भवन से ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक निकला कैंडल मार्च
कार्यक्रम की शुरुआत कोरबा प्रेस क्लब स्थित तिलक भवन से हुई। यहां बड़ी संख्या में पत्रकारों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और शहरवासियों ने एकत्र होकर हाथों में जलती मोमबत्तियां और न्याय की मांग से जुड़ी तख्तियां लेकर पैदल मार्च निकाला। यह मार्च ट्रांसपोर्ट नगर चौक पहुंचा, जहां उपस्थित लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर मासूम को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन धारण कर उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

कैंडल मार्च के दौरान माहौल गमगीन रहा। लोगों के चेहरों पर दुख और आक्रोश साफ नजर आया। मासूम को न्याय दिलाने के लिए उठती आवाजों ने यह संदेश दिया कि बच्चों के विरुद्ध होने वाले जघन्य अपराधों के खिलाफ पूरा समाज एकजुट है।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने एक स्वर में मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि न्याय मिलने में अनावश्यक देरी न हो। उपस्थित नागरिकों ने कहा कि ऐसे गंभीर अपराधों में दोषियों के विरुद्ध कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को फांसी की सजा दिए जाने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच के साथ न्यायिक प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में कानून के प्रति विश्वास मजबूत हो।
पत्रकारों के साथ सभी समाजों और संगठनों ने दिखाई एकजुटता
इस कैंडल मार्च में कोरबा प्रेस क्लब की प्रबंध कार्यकारिणी और सदस्यों के साथ उपनगरीय क्षेत्रों के प्रेस क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्य भी शामिल हुए। नगर निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, कर्मचारी, श्रमिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम में कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव, कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा सहित वरिष्ठ पत्रकार सुभाष अग्रवाल, दीपक कुमार जैन, नरेंद्र मेहता, राकेश श्रीवास्तव, देवेंद्र गुप्ता, राजेश कुमार, दीपक साहू, भुवनेश्वर महतो, युधिष्ठिर राजवाड़े, हीरा राठौर, प्रीतम जायसवाल, महिला पत्रकार रेनू जायसवाल, प्रतिमा सरकार, आशा सिंह, निर्मला राठौर और आशा ठाकुर सहित प्रेस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।
कटघोरा प्रेस क्लब से अजय धनोदिया, कुसमुंडा से पत्रकार ओम गभेल और सतपाल सिंह तथा बरपाली पत्रकार संघ से संजीव शर्मा, वीरेंद्र एवं लखन गोस्वामी भी शामिल हुए।
सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में आईएमए कोरबा से डॉ. अजय स्वर्णकार, श्रमिक नेता केदारनाथ अग्रवाल, अग्रवाल समाज से बजरंग अग्रवाल, साहू समाज युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष खेमलाल साहू, उपाध्यक्ष श्याम साहू, बिलासपुर संभाग साहू समाज युवा प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र साहू, सतलाल चौहान, यादव समाज से रानी यादव, सर्व यादव समाज से शांत यादव, अनिता यादव और गीता यादव शामिल हुए।
इसके अलावा यूथ मुस्लिम कमेटी से आसिफ मिर्जा बेग और मोहम्मद फिरोज, जिला अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष रवि शर्मा, पूज्य सिंधी पंचायत से कन्हैयालाल पंजवानी, प्रेमचंद रामचंदानी, संतोष वाधवानी और प्रेमचंद रेलवानी तथा गुप्ता समाज से राजेश गुप्ता और नंद कुमार गुप्ता ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स की कोरबा इकाई से परसराम और नौशाद खान, वाईएमसी से बरकत चौहान, गौसे आजम कमेटी से मोहम्मद रहीस, छत्तीसगढ़ दिव्यांग शासकीय अधिकारी-कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष प्रकाश खाकसे, फेडरेशन क्लब के कोषाध्यक्ष रामकपूर कुर्रे, छत्तीसगढ़ प्रदेश संस्कृत शिक्षक संघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष ओमप्रकाश बघेल, छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक जगदीश प्रसाद खरे, छत्तीसगढ़ वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष हरि राम पटेल और छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के जिला समन्वयक दुर्गेश चतुर्वेदी भी उपस्थित रहे।
साहित्य समिति के संरक्षक मुकेश चतुर्वेदी, सचिव डॉ. कृष्ण कुमार चंद्रा, जेसीज से इंजीनियर राज अग्रवाल, सर्व यादव समाज के जिलाध्यक्ष चंद्रमणि यादव, वरिष्ठ नागरिक संघ के जिलाध्यक्ष गणेश दास महंत सहित उनकी टीम ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
इसके अतिरिक्त विनोद कुमार यादव (डीडीएम रोड), नानकराम बनाज, नितिन गुप्ता (चश्मा घर), नितेश डालमिया (कल्यानी एजेंसी) समेत बड़ी संख्या में शहरवासी कैंडल मार्च में शामिल हुए।
मासूम को न्याय दिलाने एकजुट हुआ कोरबा
कैंडल मार्च ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि मासूम बच्ची के साथ हुई घटना से पूरा शहर व्यथित है। लोगों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, मामले की त्वरित सुनवाई और दोषी को कानून के अनुसार कठोरतम सजा दिलाने की मांग की।
कैंडल मार्च में उमड़ा जनसमूह केवल श्रद्धांजलि देने नहीं, बल्कि मासूम को न्याय दिलाने की आवाज बुलंद करने पहुंचा था। उपस्थित लोगों की एकजुटता ने बच्चों की सुरक्षा और ऐसे जघन्य अपराधों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग को एक बार फिर मजबूती से सामने रखा।



