कोरबा
मेडिकल कॉलेज कोरबा में हड़ताल पर सुरक्षाकर्मी, डॉक्टर पर मारपीट का आरोप
कोरबा। मेडिकल कॉलेज कोरबा में तैनात निजी कंपनी के सुरक्षाकर्मियों ने सोमवार को हड़ताल कर दी। सुरक्षाकर्मियों का आरोप है कि बीती रात ड्यूटी के दौरान एक डॉक्टर ने उनके सहकर्मी के साथ मारपीट की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक मरीज के परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी से डॉक्टर के बारे में जानकारी मांगी। सुरक्षाकर्मी ने बताया कि संबंधित चिकित्सक नशे की हालत में हैं और किसी अन्य डॉक्टर से संपर्क करने को कहा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और सुरक्षाकर्मी के अनुसार, डॉक्टर ने उसके साथ मारपीट कर दी।
घटना के विरोध में सभी सुरक्षाकर्मी कार्यस्थल से हट गए और हड़ताल पर चले गए। इससे अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो गई। सुरक्षाकर्मियों ने दोषी डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग की है।


