Sonarika Bhadoria: टीवी की पार्वती के साथ हुआ भेदभाव, पुरुष कलाकारों की फीस बढ़ी लेकिन सोनारिका को नहीं मिला फायदा

Sonarika Bhadoria: टीवी के लोकप्रिय धार्मिक शो ‘देवों के देव… महादेव’ में माता पार्वती का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री सोनारिका भदौरिया एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने टेलीविजन इंडस्ट्री में कलाकारों के बीच होने वाले फीस के भेदभाव को लेकर बड़ा खुलासा किया है। अभिनेत्री के मुताबिक, एक शो में फीस बढ़ाने की मांग करने पर उन्हें बीच में ही बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था।

फीस बढ़ाने की मांग करने पर शो से हुईं बाहर
सोनारिका भदौरिया ने हाल ही में एक बातचीत के दौरान अपने करियर से जुड़ा अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि जिस शो में वह काम कर रही थीं, उसकी टीआरपी काफी अच्छी थी। शो की सफलता से खुश होकर चैनल ने पूरी टीम के लिए पार्टी भी रखी थी। ऐसे में उन्हें उम्मीद थी कि उनके काम की सराहना होगी और उनकी फीस में भी बढ़ोतरी की जाएगी।
लेकिन जब सोनारिका ने अपनी फीस बढ़ाने की मांग रखी तो उनसे सवाल किया गया कि आखिर वह किस आधार पर ज्यादा पैसे मांग रही हैं। अभिनेत्री ने बताया कि इसके बाद उन्हें शो से हटा दिया गया और उनकी जगह किसी दूसरी कलाकार को ले लिया गया।
CG Weather Today : मुरासु के बाद भी नहीं मिलेगी राहत, मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए जारी किया अलर्ट
पुरुष कलाकारों की फीस तीन गुना बढ़ाई गई
सोनारिका ने टेलीविजन इंडस्ट्री में महिला और पुरुष कलाकारों के बीच फीस के अंतर पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बताया कि शो की अच्छी टीआरपी के दौरान उनके पुरुष सह-कलाकार शो छोड़ने की धमकी देते थे। उनकी मांग पर उनकी फीस तीन गुना तक बढ़ा दी गई, लेकिन अभिनेत्री की फीस में एक बार भी इजाफा नहीं किया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि फीस को लेकर इस तरह का भेदभाव सिर्फ हिंदी टेलीविजन इंडस्ट्री तक सीमित नहीं है, बल्कि तेलुगु और तमिल फिल्म इंडस्ट्री में भी देखने को मिलता है। वहां नए पुरुष कलाकारों को भी बड़ी रकम दी जाती है, क्योंकि दर्शक उन्हें अपना हीरो मानते हैं।
बिकिनी पहनने पर ट्रोलिंग का भी दिया जवाब
सोनारिका भदौरिया पहले भी अपनी निजी जिंदगी और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सुर्खियों में रही हैं। माता पार्वती का किरदार निभाने के बाद जब उन्होंने बिकिनी में अपनी तस्वीरें साझा की थीं, तब सोशल मीडिया पर उन्हें काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
इस पर अभिनेत्री ने बेबाक अंदाज में जवाब देते हुए कहा था कि वह बिकिनी पहनेंगी, यह उनकी मर्जी है। किसी दूसरे व्यक्ति को इस पर आपत्ति जताने का अधिकार नहीं है।
बता दें कि सोनारिका ने ‘देवों के देव… महादेव’ में माता पार्वती की भूमिका निभाकर दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी। इस शो में उनके साथ मोहित रैना भगवान शिव के किरदार में नजर आए थे।




