ADANI - HALF PAGE_page-0001
ADANI - HALF PAGE_page-0001
राजनीति

धान के समर्थन मूल्य, किसानों की कर्ज माफी, महिलाओं के लिए सस्ता गैस सिलिंडर और गरीबों के लिए आवास योजना को दोनों ही दल अपने घोषणापत्र में शामिल कर रहे हैं;

छत्तीसगढ़ के चुनावी रण में कांग्रेस-भाजपा दोनों ही दलों के बीच धान, कर्ज, गैस और आवास पर मुख्य मुकाबला होगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार धान के समर्थन मूल्य, किसानों की कर्ज माफी, महिलाओं के लिए सस्ता गैस सिलिंडर और गरीबों के लिए आवास योजना को दोनों ही दल अपने घोषणापत्र में शामिल कर रहे हैं। कांग्रेस 18 लाख गरीबों को आवास देने तो भाजपा हर गरीब को छत देने की बात कह रही है।

इसी तरह धान के मूल्य और किसानों को सब्सिडी देने की योजनाओं पर दोनों दांव खेलने को तैयार हैं। महिलाओं को गैस सब्सिडी से रिझाने और युवाओं को रोजगार देने का वादा भी इनके घोषणापत्र में होगा। दोनों ही पार्टियां जल्द से जल्द घोषणापत्र जारी करने में जुटी हुई हैं। छत्तीसगढ़ में पहले चरण का मतदान सात नवंबर और दूसरे चरण का मतदान 17 नवंबर को होगा।

आरक्षण पर दांव खेलेगी कांग्रेस

जातिगत जनगणना के साथ-साथ 76 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा भी हो सकती है। इसके अलावा निश्शुल्क बिजली का दायरा बढ़ाने, स्वास्थ्य की नई योजनाएं, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोठान, नरवा, गरबा, घुरवा और बाड़ी योजना को नए कलेवर के साथ कांग्रेस घोषणा पत्र में ला सकती है।

गरीबों की छत पर भाजपा का जोर

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, भाजपा नेता व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, भाजपा की सरकार बनते ही गरीबों को मकान देने की घोषणा कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त पीएससी की भर्ती परीक्षाओं में धांधली का आरोप लगाते हुए इन परीक्षाओं की जांच कराने का भी वादा कर रहे हैं

सरकार बनी तो करेंगे कर्ज माफी

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, कांग्रेस का लक्ष्य प्रदेश के किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत और सक्षम बनाना है, ताकि उन्हें किसी प्रकार से कर्ज लेने की आवश्यकता नहीं पड़े और किसान का परिवार खुशहाल रहे। छत्तीसगढ़ में पुन: कांग्रेस की सरकार बनने पर पूर्व की तरह एक बार और किसानों को कर्ज से मुक्ति दिलाया जाएगा।

भाजपा का घोषणा पत्र आने दीजिए

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, अभी भाजपा का घोषणा पत्र तो आने दीजिए, किसान को भाजपा से जितनी उम्मीद हैं, सभी पूरी होंगी। गांव, गरीब और किसान का विकास होगा। किसान का पूरा धान खरीदने को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वचन दिया है।

Netagiri

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!