मोहाली में बिल्डिंग गिरने का VIDEO आया:मरने वालों की संख्या 2 हुई
पंजाब के मोहाली में शनिवार शाम को गिरी मल्टीस्टोरी बिल्डिंग से रविवार सुबह एक और शव बरामद हुआ है। इससे पहले रात में एक लड़की को निकाला गया था, जो जिंदा थी। हालांकि, अस्पताल में उसकी मौत हो गई। NDRF और आर्मी की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में शनिवार शाम 5 बजे से जुटी हैं।
NDRF अधिकारियों के मुताबिक, मलबे में 5 लोग दब गए थे। इनमें 3 लड़के और 2 लड़कियां थीं। 3 लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है। बिल्डिंग गिरने का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बिल्डिंग जमींदोज होती दिख रही है।
इसके अलावा छानबीन के दौरान मलबे में बिल्डिंग के CCTV की डीवीआर मिली है। इसे पुलिस ने रिकॉर्ड में शामिल किया। इससे बिल्डिंग गिरने के समय अंदर मौजूद लोगों की जानकारी मिलने की संभावना है। इसके अलावा जहां बिल्डिंग गिरी थी, उस साइट पर सीवर का पानी भर गया है, जिससे मलबे में दबे लोगों के जिंदा रहने की उम्मीद कम हो गई है।



