ADANI - HALF PAGE_page-0001
ADANI - HALF PAGE_page-0001
featuredदेशविदेश

Yash Maheshwari Controversy: छठ पूजा विवाद में फंसे कॉमेडियन यश माहेश्वरी, BNS की चार धाराओं में मामला दर्ज

दिल्ली: Yash Maheshwari Controversy: छठ पूजा और बिहार की महिलाओं के सिंदूर को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करना स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी को भारी पड़ गया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि एक कॉमेडी शो के दौरान बिहार की महिलाओं की धार्मिक आस्था, वैवाहिक परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को लेकर अशोभनीय टिप्पणियां की गई थीं। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इससे पहले बिहार के पटना में भी इस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है।

Comedian Yash Maheshwari embroiled in a controversy over Chhath Puja

24 अक्टूबर को कॉमेडी शो में की गई थी कथित आपत्तिजनक टिप्पणी

मिली जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर को दिल्ली के साकेत स्थित अनूपम पीवीआर के बेसमेंट में हिडन कॉमेडी क्लब की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आरोप है कि इस कार्यक्रम के दौरान कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने बिहार की महिलाओं के सिंदूर की लंबाई को लेकर अश्लील टिप्पणी की थी।

इसके अलावा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर भी कथित आपत्तिजनक बयान दिए जाने का आरोप लगाया गया है। इन टिप्पणियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया और लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई।

26/11 Mumbai Terror Attack Anniversary: जब आतंकियों ने मुंबई को बनाया था निशाना, 60 घंटे तक दहशत में रहा था देश

निलोत्पल मृणाल की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया मामला

इस मामले में निलोत्पल मृणाल की ओर से 25 नवंबर को दिल्ली पुलिस में लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कॉमेडी शो के दौरान बिहार की महिलाओं की गरिमा, धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक परंपराओं का अपमान किया गया।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार्यक्रम की मूल वीडियो रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की जांच कराने की मांग की थी। उनका कहना था कि मनोरंजन और कॉमेडी के नाम पर किसी समुदाय की महिलाओं और उनकी धार्मिक परंपराओं को अपमानित करना उचित नहीं है।

BNS की चार धाराओं में FIR दर्ज

शिकायत के आधार पर दिल्ली के साकेत पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79, 196, 296 और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है। FIR में फिलहाल अज्ञात आरोपियों का उल्लेख किया गया है।

पुलिस इस मामले में हिडन कॉमेडी क्लब के संचालकों, आयोजकों, कलाकारों और कार्यक्रम से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच के लिए कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री और टिकट बिक्री से संबंधित जानकारियां जुटाई जा सकती हैं।

पटना में भी दर्ज हो चुकी है FIR

दिल्ली के अलावा बिहार की राजधानी पटना में भी इस मामले को लेकर कानूनी कार्रवाई हुई है। पटना साइबर थाने में कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के साथ-साथ राजनीतिक नेताओं ने भी कथित टिप्पणियों पर नाराजगी जताई थी। कई लोगों ने कॉमेडियन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर यश माहेश्वरी ने मांगी माफी

विवाद बढ़ने और लगातार विरोध होने के बाद यश माहेश्वरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में उन्होंने छठ पूजा और बिहार की महिलाओं के सिंदूर को लेकर की गई अपनी टिप्पणी पर खेद जताते हुए माफी मांगी।

हालांकि, माफी मांगने के बावजूद दिल्ली और पटना में दर्ज मामलों की जांच जारी है। अब पुलिस वायरल वीडियो और कार्यक्रम से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Netagiri

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!