ADANI - HALF PAGE_page-0001
ADANI - HALF PAGE_page-0001
कोरबाछत्तीसगढ़

शासकीय योजनाओं के ऋण प्रकरणों में तेजी लाएं बैंकर्स: कलेक्टर कुणाल दुदावत

 

 

Netagiri.in–कोरबा, 25 अगस्त 2026। जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं पुनरीक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शासकीय योजनाओं के तहत बैंकों में लंबित ऋण प्रकरणों की समीक्षा करते हुए बैंकर्स को पात्र हितग्राहियों के आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की स्वरोजगार एवं आजीविका उन्मुख योजनाओं का उद्देश्य स्व सहायता समूहों की महिलाओं, बेरोजगार युवाओं, छोटे व्यवसायियों और स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसलिए पात्र हितग्राहियों के ऋण प्रकरणों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में बैंकवार और शाखावार लंबित ऋण आवेदनों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि लंबित अथवा अस्वीकृत प्रकरणों में स्पष्ट और वस्तुनिष्ठ कारण दर्ज किए जाएं। वहीं अपूर्ण आवेदनों को आवश्यक मार्गदर्शन के साथ संबंधित विभागों को वापस भेजा जाए, ताकि कमियों को दूर कर उनका दोबारा परीक्षण किया जा सके।
सूर्यघर योजना में भी तेजी के निर्देश
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत बैंकों को भेजे गए और लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की। उन्होंने इसे शासन की प्राथमिकता वाली योजना बताते हुए पात्र हितग्राहियों के आवेदनों का शीघ्र परीक्षण कर ऋण स्वीकृति एवं वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इससे जोड़ने पर जोर दिया।
पीएम स्वनिधि और स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को समय पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटे व्यवसायियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उनके स्वरोजगार को मजबूत करना योजना का प्रमुख उद्देश्य है।
इसके अलावा बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं के ऋण प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों और बैंकर्स को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने तथा ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों की पहचान कर अधिक से अधिक ऋण प्रकरण बैंकों को भेजने तथा बैंक और विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, लीड बैंक मैनेजर कृष्णा भगत, आरबीआई, नाबार्ड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जिले की बैंक शाखाओं के प्रबंधक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Netagiri

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!