
Netagiri.in__कोरबा। कोरबा नगर पालिक निगम की प्रथम महापौर एवं भाजपा की वरिष्ठ नेत्री सुश्री श्यामा कंवर का दुखद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से कोरबा भाजपा परिवार में शोक की लहर है। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं।
सुश्री श्यामा कंवर ने कोरबा नगर पालिक निगम की प्रथम महापौर के रूप में निर्वाचित होकर शहर के राजनीतिक इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान बनाया था। इससे पूर्व वे विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण की प्रथम महिला उपाध्यक्ष भी रही थीं। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन पार्टी संगठन और जनसेवा के कार्यों के लिए समर्पित किया।
वे तानाखार विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में भाजपा की प्रत्याशी भी रही थीं। संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और राजनीतिक योगदान के चलते उन्हें पार्टी की वरिष्ठ नेत्री के रूप में जाना जाता था।
उनके निधन से भाजपा संगठन और कोरबा के राजनीतिक क्षेत्र में शोक का माहौल है। उनके निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति के रूप में देखा जा रहा है।



