
Netagiri.in–रायपुर। छत्तीसगढ़ को उसका नया मुख्य सचिव मिल गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 1994 बैच के वरिष्ठ अधिकारी विकास शील ने सोमवार को मंत्रालय, महानदी भवन में मुख्य सचिव का कार्यभार संभाल लिया। वे राज्य के 13वें मुख्य सचिव बने हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा – “2047 के लिए जो विजन तैयार किया गया है, उसे पूरा करना एक बड़ा लक्ष्य है। राज्य और केंद्र में अपने 30 वर्षों के प्रशासनिक अनुभव का इस्तेमाल कर छत्तीसगढ़ के लिए बेहतर काम करने का प्रयास करूंगा।”
पारदर्शिता और जिम्मेदार प्रशासन पर जोर
विकास शील ने पदभार ग्रहण करते ही साफ किया कि आने वाले समय में प्रशासन को और अधिक पारदर्शी एवं जिम्मेदार तरीके से काम करना होगा। उन्होंने कहा – “राज्य में हालात ऐसे बने हैं कि अधिकारियों को और बेहतर ढंग से कार्य करना पड़ेगा। जहां गड़बड़ी मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई होगी।”
‘घर वापसी’ की अनुभूति
अपने नए दायित्व को उन्होंने “घर वापसी” करार दिया। शील ने कहा – “लंबे समय तक केंद्र सरकार और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में काम करने के बाद राज्य सेवा में लौटना मेरे लिए खास है। ऐसा लग नहीं रहा था कि मैं वापस आऊंगा, लेकिन अब यह घर वापसी जैसी अनुभूति है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार, जिन्होंने मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी।”
- लंबा और समृद्ध प्रशासनिक अनुभव
10 जून 1969 को जन्मे विकास शील ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग से बीई और एमई किया। इसके बाद अमेरिका की सिरैक्यूज़ यूनिवर्सिटी से लोक प्रशासन में मास्टर एवं एक्जीक्यूटिव मास्टर की डिग्री प्राप्त की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन व नीति में एडवांस्ड स्टडी का कोर्स भी किया है।
IAS बनने के बाद उन्हें मध्यप्रदेश कैडर मिला, और राज्य विभाजन के बाद वे छत्तीसगढ़ कैडर में शामिल हो गए। उन्होंने कोरिया, बिलासपुर और रायपुर जिलों में कलेक्टर के रूप में कार्य किया। इसके अलावा वे स्कूल शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामान्य प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में सचिव भी रहे। अप्रैल 2007 से अप्रैल 2008 तक रायपुर कलेक्टर के रूप में उनकी सेवाएं उल्लेखनीय रहीं।
केंद्र और अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारियां
वर्ष 2018 से वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहे और भारत सरकार में स्वास्थ्य विभाग व जल शक्ति मंत्रालय में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वे जल जीवन मिशन के मिशन डायरेक्टर भी रहे। हाल ही में वे एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB), मनीला में कार्यकारी निदेशक पद पर तैनात थे।
विजन 2047 पर फोकस
मुख्य सचिव बनने के बाद विकास शील ने कहा कि आने वाले वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचा और सुशासन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि “विजन 2047 के तहत योजनाओं को जमीनी स्तर पर उतारना ही मेरी प्राथमिकता होगी।”


